Nagpur News: नेपाल हिंसा पर बोले श्री श्री रविशंकर, अंतरराष्ट्रीय षड़यंत्र भी हो सकता है

नेपाल हिंसा पर बोले श्री श्री रविशंकर, अंतरराष्ट्रीय षड़यंत्र भी हो सकता है
  • सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत को दी जन्मदिन की बधाई
  • किसान, ठेकेदार व व्यापारियों में आत्मबल बढ़ाना आवश्यक

Nagpur News. नेपाल में सत्ता-पलट व हिंसा को लेकर आध्यात्मिक गुरु व आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर ने आशंका व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि यह अंतरराष्ट्रीय षड़यंत्र भी हो सकता है। युवाओं की बगावत को लेकर उन्होंने कहा कि युवाओं में फ्रस्ट्रेशन अर्थात मानसिक तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि किसान, ठेकेदार व व्यापारियों में आत्मबल बढ़ाना आवश्यक है। आत्महत्या रोकने के लिए आध्यात्म को जगाना होगा। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत को जन्मदिन की बधाई भी दी। बुधवार को विमानतल पर श्री श्री रविशंकर ने संवाद माध्यम के प्रतिनिधियों से चर्चा की। नेपाल मामले पर उन्होंने कहा- नेपाल में मेरे कई समर्थक हैं। मैं उनके संपर्क में हूं। नेपाल मामले से यह भी संदेश मिलता है कि युवाओं में फ्रस्टेशन बढ़ता चला गया है। युवाओं को प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। युवाओं के आंदोलन में असामाजिक तत्व घुस आए। इसमें कोई अंतरराष्ट्रीय षड़यंत्र भी हो सकता है।

आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आध्यात्म गुरु ने कहा कि किसान आत्महत्या दर्द की बात है। किसानों का आत्मबल क्षीण हो रहा है। कई मुसीबतों से लोग निकलते हैं लेकिन आत्महत्या जैसी हरकतें नहीं करते हैं। विदर्भ में किसान आत्महत्या पैटर्न बन गया है। इससे पहले भी किसान आत्महत्या रोकने के प्रयास किए गए। 370 गांवों में पदयात्रा की गई। किसानों को आत्मबल साधने के लिए समझाया गया। 10 वर्ष बाद पुन: किसानों को आत्मबल देने की आवश्यकता है। इसलिए नागपुर में किसान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित है। साथ ही महारुद्रपूजा के माध्यम से आध्यात्म भाव बढ़ाया जाएगा। महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे सी.राधाकृष्णन के उपराष्ट्रपति चुने जाने पर श्री श्री ने उन्हें शुभकामनाएं दी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत को जन्मदिन की बधाई देते हुए श्री श्री ने कहा कि संघ अपनी स्थापना का 100 वर्ष मना रहा है। संघ के मुख्य स्थान नागपुर में आकर मैं बहुत हर्षित हूं। सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत के 75 की उम्र में रिटायर संबंधी वक्तव्य पर श्री श्री ने कोई जवाब नहीं दिया।

3 दिन के कार्यक्रम

आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से जिले में आयोजित कार्यक्रमों में 3 दिन तक श्री श्री रविशंकर सहभागी होंगे। बुधवार की शाम को राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज विद्यापीठ मैदान अमरावती मार्ग पर सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन व महारुद्र पूजन होगा। 11 व 12 सितंबर को इनडोर स्टेडियम मानकापुर कोराडी मार्ग में विज्ञान भैरव कार्यक्रम होगा। विज्ञान भैरव के तहत संवाद किया जाएगा। 112 ध्यान तकनीक बतायी जाएगी। 12 सितंबर को ही रामटेक में किसान समृद्धि महोत्सव के तहत विशेष सभा होगी।

Created On :   10 Sept 2025 6:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story