- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- हेडगेवार निवास पर विशेष डाक आवरण और...
RSS: हेडगेवार निवास पर विशेष डाक आवरण और सचित्र मुहर जारी, मोहन भागवत बोले- संघ के लिए गौरव नहीं, बढ़ा दायित्व

Nagpur News. भारतीय डाक विभाग, नागपुर ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के ऐतिहासिक निवास 'डॉ. हेडगेवार निवास' पर आधारित विशेष डाक आवरण (स्पेशल कवर), सूचना पुस्तिका (ब्रोशर) और स्थायी सचित्र डाक मुहर का लोकार्पण किया। समारोह में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य वक्ता थे।
डॉ. भागवत ने कहा कि डॉ. हेडगेवार और संघ अभिन्न हैं। उनके जीवन में संघ कार्य और राष्ट्रकार्य के अलावा कोई दूसरा विषय नहीं था। उन्होंने बताया कि इसी ऐतिहासिक भवन की ऊपरी मंजिल पर स्थित कोठरी में विजयादशमी के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई थी। उस समय संघ छोटा था, लेकिन आज उसका कार्य देश-विदेश तक फैल चुका है। उन्होंने कहा कि संघ के कार्य के प्रति देश और दुनिया में उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। केवल जिज्ञासा ही नहीं, बल्कि व्यक्ति निर्माण की संघ की कार्यपद्धति आज विकास की राह पर आगे बढ़ रहे कई देशों की आवश्यकता बनती जा रही है।
यह भी पढ़े -एमपी के एंटी बेगिंग कानून का असर, महाराष्ट्र में बढ़े भिखारी - नागपुर में भी चलेगा पुणे पैटर्न
'प्रचार नहीं, राष्ट्रसेवा हमारा उद्देश्य'
सरसंघचालक ने कहा कि संघ के लिए यह गौरव का नहीं, बल्कि दायित्व और जिम्मेदारी बढ़ने का विषय है। संघ ने कभी प्रचार या प्रसिद्धि की अपेक्षा नहीं की, लेकिन अब समाज और विश्व इसके कार्यों के प्रत्यक्ष परिणाम देख रहा है। इसी कारण अनेक लोग संघ के विस्तार और राष्ट्रनिर्माण के कार्य में सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं।
उन्होंने भारतीय डाक विभाग का आभार जताते हुए कहा कि विशेष आवरण, सूचनापुस्तिका और स्थायी सचित्र डाक मुहर जारी कर विभाग ने व्यक्ति निर्माण के इस कार्य के प्रति अपनी सद्भावना व्यक्त की है। इससे संघ के उद्देश्य और कार्य की जानकारी अधिक लोगों तक पहुंचेगी तथा समाज में इस कार्य को नई गति मिलेगी।
यह भी पढ़े -40 युवाओं से किया संवाद में बंभानिया ने कहा - ईमानदारी और जनता का विश्वास सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पूंजी
डॉ. भागवत ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्र की अपेक्षाओं के अनुरूप चरित्रवान, सक्षम और सेवाभावी नागरिकों के निर्माण का कार्य आगे और तेज होगा तथा समाज का सहयोग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
समारोह में प्रांत सह संघचालक श्रीधर गाडगे, महानगर संघचालक राजेश लोया, डॉ. सुधीर जाखेरे (निदेशक, डाक सेवाएं, नागपुर क्षेत्र), रामचंद्र जायभाये (मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, महाराष्ट्र एवं गोवा परिमंडल), डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति, नागपुर के सदस्य उपस्थित थे।
Created On :   31 July 2026 9:08 PM IST












