- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 10 रास्तों पर मनपा करेगी पायलट...
ऑन-स्ट्रीट पार्किंग: 10 रास्तों पर मनपा करेगी पायलट प्रोजेक्ट, ऑन-स्ट्रीट पार्किंग और हाकर्स के व्यवस्थापन के लिए अभियान

Nagpur News. यातायात जाम की समस्या का निराकरण करने के लिए मिशन-100 डेज़ में अतिक्रमण निर्मूलन अभियान संचालित किया गया। अब नागरिकों को खुले और व्यवस्थित फुटपाथ देने के लिए शहर में ऑन-स्ट्रीट पार्किंग को प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके साथ ही हॉकरों के व्यवस्थापन के लिए 10 प्रमुख रास्तों पर पायलट प्रोजेक्ट भी संचालित होगा। गुरुवार को इस संबंध में मनपा आयुक्त डॉ. विपिन की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली गई।
बैठक में आईटीडीपी इंडिया संस्था द्वारा शहर में ऑन-स्ट्रीट पार्किंग योजना और रास्तों के चयन को लेकर पीपीटी प्रस्तुतिकरण दिया गया। इस दौरान मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने शहर के प्रमुख रास्तों की स्पष्ट जानकारी संकलित करने तथा पायलट प्रोजेक्ट के लिए तत्काल सलाहकार एजेंसी और सर्वेयर नियुक्त करने का निर्देश प्रकल्प विभाग को दिया। इसके साथ ही पार्किंग की पूर्ण योजना को क्रियान्वित करने के लिए सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने हेतु मनपा अधिकारी, यातायात पुलिस, नागपुर सुधार प्रन्यास, सार्वजनिक लोकनिर्माण विभाग और महामेट्रो की उपस्थिति में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
पीडीए पुणे संस्था की टीम द्वारा धरमपेठ जोन, फुटाला परिसर और मेडिकल कॉलेज चौक के विक्रेताओं के व्यवस्थापन को लेकर डिज़ाइन प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुतिकरण के बाद मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने धरमपेठ और लक्ष्मी नगर परिसर में 10 प्रमुख रास्तों का चयन करने तथा हॉकरों के अनुशासित व्यवस्थापन के पायलट प्रोजेक्ट को क्रियान्वित करने का निर्देश दिया। आईआरटीई संस्था ने शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण, सुधार और परिवहन व्यवस्था को सुविधाजनक बनाने का डिज़ाइन भी प्रस्तुत किया।
बैठक में शहर यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त आदित्य मिरखेलकर, मनपा उपायुक्त मंगेश खवले, मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये, कार्यकारी अभियंता अल्पना पाटणे समेत आईटीडीपी इंडिया, पीडीए पुणे और आईआरटीई तकनीकी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
Created On :   30 July 2026 6:03 PM IST













