हमला: राशन माफिया की सूचना मिलने पर मामले की छानबीन करने पहुंचे पत्रकार को अगवा कर दो लोहे की रॉड से पीटा

राशन माफिया की सूचना मिलने पर मामले की छानबीन करने पहुंचे पत्रकार को अगवा कर दो लोहे की रॉड से पीटा
  • 112 पर सूचना देने के बाद 3-4 बदमाशों का हमला
  • कार में अगवा कर दोबारा की मारपीट
  • माफिया की सूचना मिलने पर मामले की छानबीन करने पहुंचे थे

Nagpur News. राशन की कथित कालाबाजारी का खुलासा करने पहुंचे एक पत्रकार पर जानलेवा हमला कर उसका अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात 3 से 4 आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस निवासी पत्रकार संदीप भीमराव सुरडकर (42) को मिशन बहुजन के संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता राकेश दशरथ घारगावे ने प्रभात नगर स्थित एचपी गैस गोदाम के सामने एक मकान में राशन के अवैध भंडारण की सूचना दी थी। दोनों 28 जुलाई की रात मौके पर पहुंचे, जहां राशन से लदी तीन टाटा बोलेरो और एक मकान में बड़ी मात्रा में राशन का भंडार मिला।

संदीप ने तत्काल 112 पर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि इसी दौरान 3-4 बदमाश वहां पहुंचे और लोहे की रॉड से पत्रकार पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें जबरन टाटा हैरियर कार में बैठाकर खरबी चौक ले गए, जहां दोबारा उनके साथ मारपीट की गई।

पुलिस वाहन आता देख आरोपी पत्रकार को छोड़कर फरार हो गए। घायल पत्रकार का मेडिकल अस्पताल में उपचार कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हुडकेश्वर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Created On :   30 July 2026 4:49 PM IST

Tags

Next Story