- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फडणवीस बोले - राहुल गांधी के भाषण...
निशाना: फडणवीस बोले - राहुल गांधी के भाषण में केवल आरोप, युवाओं के लिए कोई सकारात्मक विजन नहीं

Nagpur News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण पर कहा कि राहुल गांधी केवल झूठे आरोप लगाने की राजनीति करते हैं। उनके भाषण में देश के युवाओं के लिए कोई सकारात्मक सोच या विजन नजर नहीं आता है। विपक्ष को सरकार की आलोचना करने का अधिकार है, लेकिन यह भी बताना चाहिए कि युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए उसके पास क्या ठोस सुझाव हैं।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी का भाषण नहीं सुना, क्योंकि उनके पास इसके लिए समय नहीं है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी पर राहुल गांधी की टिप्पणी के सवाल पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रह्लाद जोशी के काम और व्यक्तित्व को अच्छी तरह जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक तय एजेंडे के तहत राजनीति कर रहे हैं।
यह भी पढ़े -पीएमकेवीवाई के तहत महाराष्ट्र में 1.18 लाख और मध्य प्रदेश में 3.11 लाख लोगों को मिला प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि परीक्षा प्रणाली से जुड़ा नया विधेयक लागू होने के बाद युवाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था मिलेगी।
आरक्षण पर चर्चा को तैयार
मराठा आरक्षण आंदोलन के संदर्भ में मनोज जरांगे पाटिल के अल्टीमेटम पर फडणवीस ने कहा कि जाति प्रमाणपत्र के लंबित मामलों की संख्या अब बहुत कम रह गई है और पात्र लोगों को लगातार प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि महायुति सरकार ने मराठा समाज के हित में जितने फैसले लिए और लागू किए, उतने किसी पूर्ववर्ती सरकार ने नहीं किए। यदि किसी को शिकायत है तो बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाएगा।
बीमा योजना में बदलाव
फसल बीमा योजना में बदलाव पर उन्होंने कहा कि एक रुपये वाली योजना के दौरान बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े के मामले सामने आए थे। बीड जैसी घटनाओं के बाद सरकार ने योजना की शर्तों में संशोधन किया। अब किसानों को अपना अंशदान देना पड़ रहा है, इसलिए बीमा कराने वालों की संख्या कुछ घटी है।
यह भी पढ़े -केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री ने कहा - एवीएन के कारण खत्म हो सकती है चलने-फिरने की क्षमता
गडचिरोली में मिले पर्चे की जांच
आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह विभाग और पुलिस को पहले ही केस वापस लेने के निर्देश दिए जा चुके हैं। अधिकांश मामले निषेधाज्ञा उल्लंघन से जुड़े हैं और उन्हें वापस लिया जाएगा। गड़चिरौली में मिले कथित नक्सली पर्चों पर उन्होंने कहा कि जांच में यह निजी स्वार्थ का मामला निकला और संबंधित लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
किसान चिंता न करें
कर्जमाफी और ई-केवाईसी को लेकर फैली भ्रांतियों पर फडणवीस ने कहा कि सरकार ने बैंकों से बातचीत कर एनपीए खातों पर लगाया गया अतिरिक्त ब्याज तथा कर्जमाफी की घोषणा से राशि खाते में जमा होने तक का ब्याज माफ कराने का निर्णय लिया है। पात्र किसानों के दो लाख रुपये तक के मूल ऋण का पूरा भुगतान सरकार करेगी, इसलिए किसानों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
Created On :   29 July 2026 9:12 PM IST











