- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- क्लाइंट ने ही लगाया वकील को चूना,...
Nagpur News: क्लाइंट ने ही लगाया वकील को चूना, लग्जरी कार दिलाने के नाम पर ₹15.80 लाख की ठगी

Nagpur News क्लाइंट और वकील के बीच विश्वास के रिश्ते का फायदा उठाकर लग्जरी कार दिलाने के नाम पर ₹15 लाख 80 हजार की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में लकड़गंज पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़े -ई-20 पेट्रोल को लेकर केंद्र के खिलाफ खुलने जा रहा है बड़ा मोर्चा, सोशल मीडिया से सड़क तक भारी विरोध की तैयारी
पुलिस के अनुसार, यवतमाल जिले के दिग्रस निवासी मोहम्मद शारीफ मोहम्मद अल्ताफ शेख (39) पेशे से अधिवक्ता हैं। मामले में सतरंजीपुरा निवासी ऑटो डीलर वसीम मुस्तफा जिलानी, उसके पिता मुस्तफा दयागीर जिलानी तथा मुंबई निवासी सरफराज सैफी को आरोपी बनाया गया है।
बताया गया है कि वर्ष 2023 से आरोपी पिता-पुत्र के विभिन्न मामलों की पैरवी अधिवक्ता मोहम्मद शारीफ कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच अच्छी पहचान और विश्वास का संबंध बन गया। आरोपियों ने स्वयं को ऑटो डीलिंग का व्यवसाय करने वाला बताते हुए दावा किया कि वे मुंबई से कम कीमत में लग्जरी कारें खरीदकर नागपुर में बेचते हैं। उन्होंने अधिवक्ता को भी बाजार भाव से कम कीमत पर एक आलीशान कार उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
यह भी पढ़े -शिर्डी में वर्ष 2025-26 के दौरान जंगली जानवरों के हमले में 6 लोग मारे गए, 30 घायल - कीर्तिवर्धन सिंह
क्लाइंट होने के कारण अधिवक्ता ने उन पर विश्वास किया और 10 नवंबर 2023 से 17 फरवरी 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल ₹15 लाख 80 हजार आरोपियों को दे दिए। लेकिन रकम लेने के बावजूद न तो उन्हें कार उपलब्ध कराई गई और न ही उनकी राशि लौटाई गई।
जब अधिवक्ता ने बार-बार कार या पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
लकड़गंज पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र के चंद्रपुर में ऐतिहासिक परकोटा के संबंध में मौजूदा निषिद्ध क्षेत्र को कम करने का कोई प्रस्ताव नहीं - शेखावत
Created On :   28 July 2026 4:26 PM IST










