Nagpur News: दूसरों की जमीन को अपनी बताकर बेचे प्लॉट, प्रॉपर्टी डीलर पर 47.45 लाख की धोखाधड़ी का मामला

दूसरों की जमीन को अपनी बताकर बेचे प्लॉट, प्रॉपर्टी डीलर पर 47.45 लाख की धोखाधड़ी का मामला
  • दर्जनभर खरीदारों की शिकायत पर पारड़ी थाने में एफआईआर
  • वर्षों बाद हुई कार्रवाई

Nagpur News प्रॉपर्टी डीलर द्वारा फर्जीवाड़ा कर दूसरे की जमीन को अपनी बताकर प्लॉट बेचने का मामला सामने आया है। इस धोखाधड़ी में दर्जनभर लोगों से 47 लाख 45 हजार रुपये वसूल लिए गए, लेकिन उन्हें न तो प्लॉट मिला और न ही रकम वापस की गई। पीड़ितों की शिकायत पर आखिरकार पारड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता संदीप धरमठोक सहित 12 प्लॉटधारकों ने प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार प्रकाश भगत (निवासी नेताजी नगर) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि वर्ष 2014 से लेकर 28 जुलाई 2026 तक आरोपी ने मौजा पावनगांव, शंकरपुर और कन्हालगांव क्षेत्र में शीतला माता हाउसिंग एजेंसी तथा जय संतोषी मां डेवलपर्स एंड बिल्डर्स के नाम से ले-आउट विकसित किए। उसने दूसरे लोगों की जमीन को अपनी बताकर प्लॉट बेच दिए।

आरोप है कि प्लॉट के एग्रीमेंट के आधार पर खरीदारों से लाखों रुपये वसूले गए, लेकिन उन्हें न तो प्लॉट का कब्जा मिला और न ही उनकी रकम लौटाई गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरोपी ने उनकी मेहनत की कमाई से निजी संपत्ति अर्जित कर ली।

प्लॉट नहीं मिलने पर पीड़ितों ने कई बार विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस से शिकायत की। हालांकि मामला लंबे समय तक कार्रवाई के अभाव में लंबित रहा। वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद बुधवार को पारड़ी थाने में राजकुमार प्रकाश भगत के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 12 प्लॉटधारकों को कुल 47 लाख 45 हजार रुपये का चूना लगाया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है।


Created On :   29 July 2026 3:05 PM IST

Tags

Next Story