- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 121 साल पुरानी मांग को नई धार, 9...
फिर छिड़ा आंदोलन: 121 साल पुरानी मांग को नई धार, 9 अगस्त को दीक्षाभूमि से संविधान चौक तक निकलेगा विदर्भ निर्माण जनसंकल्प लांग मार्च

Nagpur News. अलग विदर्भ राज्य की 121 वर्ष पुरानी मांग को लेकर आंदोलन एक बार फिर गति पकड़ने जा रहा है। विदर्भ राज्य आंदोलन समिति की ओर से 9 अगस्त, क्रांति दिवस के अवसर पर विदर्भ निर्माण जनसंकल्प लांग मार्च निकाला जाएगा। दीक्षाभूमि से संविधान चौक तक आयोजित इस मार्च के माध्यम से अलग विदर्भ राज्य के पक्ष में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसकी जानकारी समिति के संयोजक वामनराव चटप ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे दीक्षाभूमि से लांग मार्च शुरू होकर दोपहर 1.30 बजे संविधान चौक पहुंचेगा। यहां विदर्भ निर्माण जनसंकल्प महासभा आयोजित की जाएगी, जिसमें अलग विदर्भ राज्य के समर्थन में संकल्प लिया जाएगा। इसी दिन गढ़चिरौली जिले के अहेरी में भी विदर्भ निर्माण जनसंकल्प मेला आयोजित कर आंदोलन को ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों तक विस्तार दिया जाएगा।
चटप ने कहा कि अलग विदर्भ राज्य की मांग कोई नई नहीं है। वर्ष 1905 में पहली बार इस क्षेत्र के लिए पृथक प्रशासनिक व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की गई थी। इसके बाद 1953 में गठित राज्य पुनर्गठन आयोग ने भी विदर्भ को अलग राज्य बनाने की अनुशंसा की थी, लेकिन 1960 में महाराष्ट्र राज्य के गठन के समय विदर्भ को उसमें शामिल कर दिया गया। तब से लगातार विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और किसान संगठनों द्वारा अलग राज्य की मांग उठाई जाती रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विदर्भ प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा और बिजली उत्पादन में समृद्ध होने के बावजूद विकास के मामले में उपेक्षित रहा है। वर्तमान में महाराष्ट्र की आर्थिक स्थिति भी चिंताजनक है। राज्य पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है तथा ब्याज भुगतान, ठेकेदारों के लंबित बिल, कर्जमाफी योजनाओं और अन्य देनदारियों सहित लगभग 96,400 करोड़ रुपए के भुगतान लंबित हैं। ऐसे में अलग विदर्भ राज्य बनने से क्षेत्र के संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और संतुलित विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
यह भी पढ़े -केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री ने कहा - एवीएन के कारण खत्म हो सकती है चलने-फिरने की क्षमता
समिति ने नागरिकों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से 9 अगस्त के जनसंकल्प लांग मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होकर विदर्भ राज्य निर्माण की मांग को मजबूत करने की अपील की है। इस दौरान मुकेश मासूरकर, अरुण केदार, नरेश निमजे, प्रशांत नखाते, भोजराज सरोदे और रमेश गजबे उपस्थित थे।
Created On :   29 July 2026 9:25 PM IST












