- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पीएमकेवीवाई के तहत महाराष्ट्र में...
कौशल विकास: पीएमकेवीवाई के तहत महाराष्ट्र में 1.18 लाख और मध्य प्रदेश में 3.11 लाख लोगों को मिला प्रशिक्षण

New Delhi News. मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) की प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के तहत पिछले तीन वर्षों में क्रमशः 3,11,441 और 1,18,832 लोगों को विभिन्न ट्रेडों में कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा के पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में चौधरी ने बताया कि मध्य प्रदेश में वर्ष 2023-24 में 34,884 लोगों को प्रशिक्षित किया गया। वर्ष 2024-25 में 2,58,871 और वर्ष 2025-26 में 16,686 लोगों को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया गया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में वर्ष 2023-24 के दौरान 35,284, वर्ष 2024-25 में 75,368 और वर्ष 2025-26 में 8,180 लोगों के कौशल को निखारने का काम किया गया है।
चौधरी ने बताया कि मंत्रालय की जन शिक्षण संस्थान (जेएसएस) के तहत पिछले तीन वर्षों में मध्य प्रदेश में कुल 1,52,648 व्यक्तियों को प्रशिक्षित किया गया है। इसी अवधि में महाराष्ट्र में कुल 1,11,746 व्यक्तियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मंत्रालय की राष्ट्रीय शिक्षुता संवर्धन योजना (एनएपीएस) के तहत पिछले तीन वर्षों में मध्य प्रदेश में 83,739 लोगों को प्रशिक्षित किया गया है। जबकि इसी अवधि में महाराष्ट्र में 8,43,578 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया है।
Created On :   29 July 2026 6:45 PM IST









