धोखाधड़ी: सिनेमा हाल में मूवी देख रही थी अभिनेत्री कीर्ति कुल्हड़ी और साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड हैक कर उड़ाए 2.44 लाख

सिनेमा हाल में मूवी देख रही थी अभिनेत्री कीर्ति कुल्हड़ी और साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड हैक कर उड़ाए 2.44 लाख
  • अंबोली पुलिस जांच में जुटी
  • मशहूर अभिनेत्री व निर्माता कीर्ति कुल्हड़ी हुई साइबर ठगी का शिकार
  • फिल्म देखने के दौरान आए अंतरराष्ट्रीय ट्रांजैक्शन अलर्ट

Mumbai News. मुंबई में शातिर साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आम नागरिकों के बाद अब फिल्म इंडस्ट्री की हस्तियाँ भी डिजिटल ठगी का शिकार बन रही हैं। वर्सोवा इलाके में रहने वाली मशहूर फिल्म अभिनेत्री और निर्माता कीर्ति ख्यालीराम कुल्हड़ी (43) के साथ साइबर धोखाधड़ी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। अज्ञात अपराधियों ने उनके मोबाइल फोन और क्रेडिट कार्ड का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर महज कुछ ही मिनटों में 2,43,852 रुपये का चूना लगा दिया। अभिनेत्री की शिकायत पर अंबोली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिल्म देखने के दौरान आए अंतरराष्ट्रीय ट्रांजैक्शन अलर्ट

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, अभिनेत्री कीर्ति कुल्हड़ी वर्सोवा के यारी रोड स्थित संगीता अपार्टमेंट में किराए पर रहती हैं और अभिनय व फिल्म निर्माण के जरिए अपने परिवार का उदरनिर्वाह करती हैं। घटना 24 जुलाई 2026 की रात लगभग 9:31 बजे की है। उस समय वह अंधेरी पश्चिम में फन रिपब्लिक मॉल के पास स्थित सिनेपोलिस थिएटर में बैठकर फिल्म देख रही थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल नंबर पर बैंक के क्रेडिट कार्ड से एयरोमेक्सिको एयरलाइन पर 2,525 अमेरिकी डॉलर खर्च होने का अलर्ट मैसेज प्राप्त हुआ। अनजान और संदिग्ध विदेशी लेनदेन का मैसेज देखते ही अभिनेत्री ने बिना समय गंवाए बैंक के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया। बैंक अधिकारियों ने जांच के बाद बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति के चार अलग-अलग बड़े ट्रांजैक्शन किए गए हैं, जिसके बाद सुरक्षा के तौर पर तुरंत कार्ड ब्लॉक कर दिया गया।

पासवर्ड था गोपनीय, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित अभिनेत्री ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड का पासवर्ड पूरी तरह गोपनीय था, जिसे उन्होंने किसी के साथ साझा नहीं किया था। आशंका जताई जा रही है कि किसी डिजिटल मालवेयर या स्पाईवेयर के जरिए उनका फोन और कार्ड हैक किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबोली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की टीम बैंक रेफरेंस नंबरों और डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। विदित हो कि अभिनेत्री कुल्हड़ी ने पिंक, उरी द सर्जिकल स्ट्राइक, इंदु सरकार,मिशन मंगल, क्रिमिनल जस्टिस जैसी हिट फिल्मों में जबरदस्त अभिनय किया है।

Created On :   29 July 2026 7:14 PM IST

Tags

Next Story