राज्यसभा: वन स्टॉप सेंटर योजना के तहत 988 केन्द्र स्थापित, अब तक 15.20 लाख महिलाओं को मिली है मदद

वन स्टॉप सेंटर योजना के तहत 988 केन्द्र स्थापित, अब तक 15.20 लाख महिलाओं को मिली है मदद
  • महाराष्ट्र की 26 हजार महिलाओं ने उठाया योजना की लाभ
  • वन स्टॉप सेंटर योजना के तहत 988 केन्द्र स्थापित

New Delhi News. वन स्टॉप सेंटर (ओएससी) योजना के तहत अब तक देश में 988 केन्द्र शुरू किए जा चुके हैं और इन केन्द्रों से देश भर की 15 लाख 20 हजार से अधिक महिलाओं को मदद मिल चुकी है। यह जानकारी केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने बुधवार को राज्यसभा में भाजपा सांसद धनंजय महाडिक के एक सवाल के लिखित जवाब में दी। सावित्री ठाकुर ने कहा कि ओएससी योजना के तहत निजी और सार्वजनिक दोनों स्थानों पर हिंसा से प्रभावित और संकटग्रस्त महिलाओं को एक ही स्थान पर एकीकृत सहायता और सहयोग प्रदान किया जाता है। उन्होंने बताया कि 30 जून 2026 तक महाराष्ट्र सहित संपूर्ण भारत में 15 लाख 20 हजार से अधिक महिलाओं को इसके माध्यम से सहायता मिली है। वन स्टॉप सेंटर चिकित्सा सहायता, कानूनी सहायता एवं परामर्श, अस्थायी आश्रय, पुलिस सहायता तथा मनो सामाजिक परामर्श जैसी सेवाएं प्रदान करते हैं।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि इस समय महाराष्ट्र में 68 वन स्टॉप सेंटर कार्य कर रहे हैं। पिछले तीन वर्षों के दौरान महाराष्ट्र में 26,019 से अधिक महिलाओं को सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 6 वन स्टॉप सेंटर ठाणे जिले में कार्यरत हैं। इसी प्रकार मुंबई उपनगर में 5, पुणे में 4, नासिक, नागपुर और छत्रपति संभाजी नगर में 3-3 ऐसे केन्द्र कार्य कर रहे हैं। अमरावती, वर्धा, यवतमाल, बीड, अहिल्यानगर, बुलढाणा, चंद्रपुर, कोल्हापुर, लातूर, मुंबई, पालघर, रायगढ़, सतारा और सोलापुर जिले में 2-2 वन स्टॉप सेंटर स्थापित हैं।

क्या है वन स्टॉप सेंटर योजना

केन्द्र सरकार की यह योजना हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी सहायता और परामर्श जैसी सभी जरूरी सेवाएं एक ही छत के नीचे प्रदान करती है। इसे 1 अप्रैल 2015 को प्रारंभ किया गया था और वर्तमाना में यह ‘मिशन शक्ति’ के अतंर्गत आती है।

Created On :   29 July 2026 6:34 PM IST

Tags

Next Story