एमपी लीड फेलोशिप: 40 युवाओं से किया संवाद में बंभानिया ने कहा - ईमानदारी और जनता का विश्वास सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पूंजी

40 युवाओं से किया संवाद में बंभानिया ने कहा - ईमानदारी और जनता का विश्वास सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पूंजी
  • राज्यसभा सांसद डॉ. अजित गोपछडे द्वारा शुरू की गई अभिनव पहल
  • 'एमपी लीड फेलोशिप' के तहत चयनित 40 युवाओं से संवाद

New Delhi News. केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया ने शुक्रवार को कहा कि राजनीति केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को सशक्त समाज की आधारशिला बताते हुए स्वयं सहायता समूहों तथा 'लखपति दीदी' अभियान का जिक्र किया। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, निरंतर सीखने की भावना और जनता के विश्वास को सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पूंजी मानने का आह्वान किया।

राज्यसभा सांसद डॉ. अजित गोपछडे द्वारा शुरू की गई अभिनव पहल 'एमपी लीड फेलोशिप' के तहत चयनित 40 युवाओं से संवाद के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री बंभानिया ने उक्त बातें कहीं। सांसद गोपछड़े द्वारा शुरु इस कार्यक्रम का लक्ष्य देश के प्रतिभाशाली युवाओं को संसदीय प्रक्रियाओं, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और लोक नीति निर्माण की व्यावहारिक समझ देना है।

केंद्रीय राज्य मंत्री से बंभानिया से संवाद के दौरान युवा फेलो ने महिला नेतृत्व, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), लोक नीति, पारदर्शी शासन, आपदा प्रबंधन तथा विकसित भारत 2047 के विज़न से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। केंद्रीय राज्य मंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए लोक सेवा, सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बंभानिया ने सार्वजनिक जीवन में आने के इच्छुक युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शुरुआती पाँच वर्ष सीखने, सुनने और समाज से जुड़ने के होने चाहिए। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे धरातल पर जाकर लोगों की समस्याओं को समझें, तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखें तथा समय प्रबंधन को अपनी कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएं।

Created On :   31 July 2026 7:48 PM IST

Tags

Next Story