जगह उपलब्ध कराने की मांग: मंत्रालय में कार्यालय चाहता है दिव्यांग विभाग, अभी किराए की जगह पर चल रहा है दफ्तर

मंत्रालय में कार्यालय चाहता है दिव्यांग विभाग, अभी किराए की जगह पर चल रहा है दफ्तर
  • अन्य पिछड़ा कल्याण विभाग ने किराए पर ली नई जगह
  • ग्रामीण विकास और जलापूर्ति विभाग मंत्रालय में आएगा

Mumbai News. प्रदेश सरकार का दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग अब मंत्रालय में जगह चाहता है। फिलहाल दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग का किराए का कार्यालय मंत्रालय के पास स्थित मित्तल टावर की तीसरे मंजिल पर है। राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग से नए कार्यालय की जगह के लिए पूछा गया था। इसके मद्देनजर दिव्यांग सशक्तिकरण ने सामान्य प्रशासन से मंत्रालय की पुरानी इमारत की पहली मंजिल पर जगह उपलब्ध कराने की मांग की है। एक अधिकारी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि एयर इंडिया इमारत मंत्रालय से कुछ मिनट की दूरी पर है। मंत्रालय में दिव्यांग विभिन्न विभागों में कामकाज के लिए आते हैं। ऐसे में दिव्यांगों को एयर इंडिया इमारत तक जाने में मुश्किल हो सकती है। इसलिए दिव्यांग आगंतुकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय में कार्यालय के लिए जगह मांगी गई है।

ग्रामीण विकास और जलापूर्ति विभाग मंत्रालय में आएगा

राज्य के ग्रामीण विकास विभाग और जलापूर्ति व स्वच्छता विभाग का कार्यालय फिलहाल गोकुलदास तेजपाल अस्पताल कॉम्प्लेक्स के पास स्थित नए (नवीन) मंत्रालय में है। लेकिन आगामी समय में ग्रामीण विकास विभाग और जलापूर्ति व स्वच्छता विभाग का कार्यालय मंत्रालय में आएगा। मंत्रालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों को धीरे-धीरे एयर इंडिया इमारत, मंत्रालय परिसर की नई (विस्तारित -2) में शिफ्ट किया जाएगा।

अन्य पिछड़ा कल्याण विभाग ने किराए पर ली नई जगह

राज्य के अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण विभाग ने चर्चगेट के पास कस्तूरी बिल्डिंग के तल मंजिल पर 1836 वर्ग फुट जगह किराए पर लेने का फैसला लिया है। इसके लिए प्रति महीने 400 रुपए प्रति वर्ग फुट की दर से किराया दिया जाएगा। अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण विभाग का फिलहाल मोतीमहल इमारत में किराए पर कार्यालय था। इसका किराया करार 31 अगस्त 2026 को खत्म हो रहा है।

Created On :   30 July 2026 8:23 PM IST

Tags

Next Story