एसआईआर: उपराजधानी में आ रही है परेशानी, जिले की बात करें तो कुमार आशीर्वाद ने कहा - 56 फीसदी हुआ डिजिटाइजेशन

उपराजधानी में आ रही है परेशानी, जिले की बात करें तो कुमार आशीर्वाद ने कहा - 56 फीसदी हुआ डिजिटाइजेशन
  • 800 बूथ ऐसे हैं, जहां दूसरे क्षेत्र के बीएलओ काम पर लगाए गए
  • जिले की बात करें तो कुमार आशीर्वाद ने कहा - 56 फीसदी हुआ डिजिटाइजेशन

Nagpur News. एसआईआर की प्रक्रिया ग्रामीण क्षेत्र में तो तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन शहर में कुछ परेशानी आ रही है। ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटाइजेशन का काम 70 फीसदी से ज्यादा और शहर में 50 फीसदी तक हुआ है। जिलाधीश कुमार आशीर्वाद ने बताया कि जिले (शहर व ग्रामीण) में एसआईआर के फॉर्म वितरण का काम 85 फीसदी से ज्यादा और डिजिटाइजेशन का काम 56 फीसदी पूरा हो चुका है। 8 अगस्त तक फॉर्म वितरण और जमा करने का कार्य चलेगा। उन्होंने लोगों से जल्द से जल्द फॉर्म भरकर बीएलओ के पास जमा करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि जिले में 4,610 पोलिंग बूथ हैं। 4 हजार से ज्यादा बीएलओ काम कर रहे हैं। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता बीएलए के रूप में उन्हें सहयोग कर रहे हैं। नागपुर ग्रामीण में एसआईआर प्रक्रिया की गति तेज है। शहर में लोग एक जगह से दूसरी जगह चले गए हैं, इसलिए उनके पते मिलना मुश्किल हो रहा है। बीएलओ और बीएलए मिलकर काम कर रहे हैं। फिर भी जो लोग दूसरी जगह रहने चले गए हैं, उन्हें अपने बीएलओ से फॉर्म प्राप्त करना चाहिए। 8 अगस्त तक फॉर्म लिए जाएंगे, लेकिन उससे पहले ही ज्यादा से ज्यादा फॉर्म भरकर जमा करने की अपील लोगों से की गई है।

उन्होंने कहा कि शहर में करीब 800 बूथ ऐसे हैं, जहां स्थानीय बीएलओ उपलब्ध नहीं होने के कारण दूसरे क्षेत्र के बीएलओ को काम पर लगाया गया है। जनप्रतिनिधि, न्यायाधीश, नामी व्यक्तियों सहित स्टार मतदाताओं का नाम एसआईआर में छूटने न पाए, इसके लिए प्रशासन को विशेष निर्देश दिए गए हैं। डिजिटाइजेशन के काम में तेजी लाने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 80-90 ऑपरेटर लगाए गए हैं। जिले में 85 फीसदी से ज्यादा फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं।

Created On :   31 July 2026 8:46 PM IST

Tags

Next Story