मर्डर: धारदार शस्त्र से महिला की हत्या कर खेत में फेंका

धारदार शस्त्र से महिला की हत्या कर खेत में फेंका
दुष्कर्म का संदेह, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हिंगना. एक 40 वर्षीय महिला की गर्दन पर धारदार शस्त्र से वार कर हत्या कर दी गई। मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। हिंगना पुलिस पहचान के लिए प्रयास में लगी है। घटना गुमगांव-वडगांव मार्ग पर खेत में हुई।

खेत की मेड़ पर पड़ी थी लाश : पुलिस के अनुसार हिंगना थानांतर्गत गुमगांव-वडगांव मार्ग पर खेत में मंगलवार को दोपहर करीब 4 बजे कुछ मजदूरों को एक 40 वर्षीय अज्ञात महिला का शव दिखाई दिया। आष्टणकर व मातीखाये नामक किसान के खेत की मेड़ पर महिला का शव पड़ा था। घटना के बारे में जानकारी मिलने पर थानेदार विशाल काले, निरीक्षक गोकुल महाजन, पांडुरंग जाधव सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल पर महिला का शव पड़ा था। गर्दन पर किसी धारदार शस्त्र से वार कर हत्या की गई थी। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर समृद्धि महामार्ग है। महिला की हत्या उसी जगह पर की गई या फिर हत्या कहीं और करके शव उस जगह लाकर डाला गया था, इस लेकर पुलिस संभ्रम में है। घटनास्थल पर पुलिस उपायुक्त अर्चित चांडक, सहायक पुलिस आयुक्त शरद कदम भी पहुंचे थे। हिंगना पुलिस ने पंचनामा कर महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया। मृतक महिला के बारे में पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है।

दुष्कर्म का संदेह : सूत्रों के अनुसार महिला के साथ दुष्कर्म का भी अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस का अनुमान है कि, महिला की हत्या में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस को लग रहा है कि, यह महिला मध्यप्रदेश या छत्तीसगढ की हो सकती है। वह शायद रोजगार की तलाश में नागपुर आई थी। उसकी हत्या किसने और क्यों की? इस बारे में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। चर्चा यह भी थी कि, वह शायद कपिल नगर इलाके की हो सकती है। पुलिस ने मृतक महिला की तस्वीर को इसलिए मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ पुलिस को भी भेजी है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर पता लगाने की कोशिश कर रही है। हिंगना पुलिस ने फिलहाल हत्या का मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला से दुष्कर्म करने के बारे में पुष्टि हो सकेगी।

Created On :   15 Nov 2023 7:26 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story