राजनीति: राजनीतिक उथल-पुथल, भाजपा की टिकट के जुगाड़ में कांग्रेस विधायक राजू पारवे

राजनीतिक उथल-पुथल,  भाजपा की टिकट के जुगाड़ में कांग्रेस विधायक राजू पारवे
  • शिवसेना शिंदे गुट के नेताओं को फोन पर मिल रहे संकेत
  • रामटेक लोकसभा क्षेत्र के लिए उम्मीदवार को लेकर चर्चा
  • फोन पर पूछा जा रहा बेहतर उम्मीदवार का नाम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रामटेक लोकसभा क्षेत्र के लिए उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक दलों व गठबंधनों में विविध चर्चा चल रही है। इस बीच सबसे अधिक चर्चा है कि उमरेड से कांग्रेस विधायक राजू पारवे भाजपा गठबंधन की टिकट पाने के प्रयास में हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व की शिवसेना के कुछ पदाधिकारियों को फोन पर पूछा जा रहा है कि रामटेक से कृपाल तुमाने या राजू पारवे में कौन बेहतर उम्मीदवार होंगे। भाजपा के कुछ पदाधिकारियों से भी इसी तरह से फोन पर पूछताछ की खबर है। यह भी माना जा रहा है कि विधायक पारवे शिवसेना शिंदे गुट में प्रवेश लेकर भाजपा गठबंधन के रामटेक क्षेत्र से उम्मीदवार बनने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि इस संबंध में पारवे की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

फडणवीस से भेंट : कई दिनों से चर्चा है कि विधायक पारवे लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। वे भाजपा में भी शामिल हो सकते हैं। हाल ही में उन्होंने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके देवगिरी बंगले पर जाकर भेंट की थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले भी उनके साथ थे। रामटेक क्षेत्र से शिवसेना उम्मीदवार जीतते रहे हैं। शिवसेना में विभाजन के बाद सांसद कृपाल तुमाने ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व की शिवसेना में प्रवेश लिया है। बताया जा रहा है कि शिवसेना शिंदे गुट रामटेक से चुनाव लड़ने का दावा नहीं छोड़ रहा है।

भाजपा के कुछ पदाधिकारी तुमाने को उम्मीदवारी का विरोध कर रहे हैं। भाजपा की ओर से अरविंद गजभिए, संदीप गवई के अलावा अन्य कुछ नाम आगे बढ़ाये गए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बावनकुले ने पहले कहा था कि मुख्यमंत्री शिंदे ने बड़ा मन दिखाकर यह सीट भाजपा को लड़ने देना चाहिए। अब कहा है कि शिंदे निवेदन मानेंगे तो ही भाजपा रामटेक से चुनाव लड़ेगी। बावनकुले के वक्तव्यों में भी साफ है कि कि शिंदे इस सीट से दावा नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसे में भाजपा पदाधिकारियों की सहमति से शिंदे गुट के प्रतिनिधि के ताैर पर राजू पारवे को भाजपा गठबंधन का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। उधर महाविकास आघाडी में स्थिति साफ होने लगी है कि उनकी ओर से कांग्रेस का उम्मीदवार होगा। उद्धव ठाकरे ने दावा लगभग छोड़ दिया है।

Created On :   19 March 2024 7:22 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story