Narsingpur news: गोटेगांव मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन मजदूरों की मौत

गोटेगांव मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन मजदूरों की मौत
भीषण सड़क हादसा

डिजिटल न्यूज़ नरसिंहपुर

नरसिंहपुर से गोटेगांव जाने वाले सड़क मार्ग पर कमती इमलिया गांव के पास शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। गोटेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत चाँदनखेड़ा तिराहे के समीप तेज रफ्तार ट्रक (एमपी 49 एच 3244) ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान शिवम ठाकुर (22 वर्ष), प्रकाश पटेल (30 वर्ष) और प्रहलाद लोधी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों इमलिया गांव से मजदूरी करने के लिए गोटेगांव जा रहे थे। इसी दौरान चाँदनखेड़ा तिराहे के पास उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर गोटेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे से इमलिया गांव में शोक की लहर है। तीनों मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Created On :   25 July 2026 3:56 PM IST

Tags

Next Story