विधानसभा चुनाव 2023: नरसिंहपुर सीट जालम सिंह के हाथ से निकला, अजय मुशरान का रिकॉर्ड ब्रेक करने का अवसर

नरसिंहपुर सीट जालम सिंह के हाथ से निकला, अजय मुशरान का रिकॉर्ड ब्रेक करने का अवसर
  • 17 नवंबर को डाले जाएंगे वोट
  • चुनावी नतीजे 3 दिसंबर को होंगे घोषित

डिजिटल डेस्क, नरसिंहपुर । भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व के एक फैसले से भाजपा के नरसिंहपुर विधायक जालम सिंह पटेल के हाथ से , कांगे्रस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व मंत्री स्व. अजय नारायण मुशरान का रिकॉर्ड ब्रेक करने का अवसर निकल गया। स्व. अजय मुशरान के नाम एक ही सीट से तीन बार ( 1980 के उपचुनाव सहिंत 1993 व 1998) जीतने का रिकॉर्ड था, जिसकी बराबरी जालम सिंह ने 2018 का विधानसभा चुनाव जीतकर की थी। जालम इसके पहले नरसिंहपुर सीट से ही 2003 तथा 2013 का भी विधानसभा चुनाव जीते थे। इस बार भी यदि जालम सिंह चुनाव लड़ते तो उनके पास स्व. अजय मुशरान के रिकॉर्ड को ब्रेक करते हुए स्व. श्याम सुंदर नारायण मुशरान के 4 बार विधायक बनने के रिकॉर्ड की बराबरी करते। भाजपा के केन्द्रीय संगठन ने इस बार नरसिंहपुर सीट से जालम सिंह की जगह उनके भाई दमोह सांसद तथा केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है।

सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड स्व.श्याम सुंदर के नाम जिले में अब तक हुए 15 विधानसभा तथा एक उपचुनाव में सर्वाधिक चार बार जीत हासिल करने का रिकॅार्ड स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व कृषि रत्न स्व. श्याम सुंदर नारायण मुशरान के नाम दर्ज है। लेकिन ये चारों जीत उन्होंने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से हासिल कीं। वे 1951 में गोटेगांव, 1962 में गाडरवारा तथा 1972 और 1980 में नरसिंहपुर से विधायक निर्वाचित हुए थे। नवंबर 1980 में श्याम सुंदर के निधन की वजह से जो उपचुनाव हुए थे, उसमें उनके बेटे अजय नारायण जीते थे। एक ही सीट से तीन बार, इसमें भी 2 लगातार जीतों का रिकॉर्ड अब भी अजय मुशरान और जालम सिंह के ही नाम है।

Created On :   6 Nov 2023 6:05 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story