New Delhi News: बिरला ने कहा - एनएक्सटी कॉन्क्लेव नीति-निर्माण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच

New Delhi News. एनएक्सटी कॉन्क्लेव-2026 में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे 30 से अधिक देशों के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की। इस अवसर पर श्री बिरला ने वैश्विक संसदीय संवाद के महत्व को रेखांकित किया। लोकसभा अध्यक्ष ने एनएक्सटी 2026 कॉन्क्लेव जैसी पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पहल नीति-निर्माण संबंधी, चर्चाओं, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभर रही है। यह कॉन्क्लेव दुनिया भर के सांसदों, नीति-निर्माताओं और विचार नेताओं को समकालीन वैश्विक चुनौतियों और अवसरों पर विचार-विमर्श के लिए एक साथ लाता है। उन्होंने कहा कि भारत की संसद 1.4 अरब नागरिकों की आकांक्षाओं और विविधता का प्रतिनिधित्व करती है, जहाँ नीतियाँ विभिन्न दृष्टिकोणों के बीच बहस और संवाद के माध्यम से आकार लेती हैं।
बिरला ने पिछले एक दशक में समावेशी विकास, डिजिटल नवाचार और सुशासन के क्षेत्र में भारत की प्रगति को भी रेखांकित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनएक्सटी कॉन्क्लेव 2026 में होने वाले विचार-विमर्श से लोकतांत्रिक सहयोग, आपसी समझ और देशों के बीच साझेदारी और मजबूत होगी। बता दें कि एनएक्सटी कॉन्क्लेव का आयोजन 12 से 14 मार्च के बीच भारतमंडपम में हो रहा है।
Created On :   13 March 2026 7:23 PM IST







