New Delhi News: कीतिवर्धन ने कहा - विदेश में भारतीय छात्रों व कामगारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

New Delhi News. विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि विदेशों में पढ़ रहे भारतीय छात्रों और काम कर रहे नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दुनिया भर में स्थित भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास भारतीय नागरिकों को हर परिस्थिति में त्वरित कांसुलर सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। सिंह ने बताया कि विदेशों में अध्ययनरत भारतीय छात्रों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने के लिए भारतीय मिशन विश्वविद्यालयों और छात्र समूहों से संवाद करते हैं और संभावित चुनौतियों व जोखिमों के बारे में समय-समय पर सलाह जारी करते हैं। छात्रों को सहायता के लिए मदद (एमएडीएडी) पोर्टल, व्हाट्सएप समूह, कांसुलर कैंप, ओपन हाउस और 24×7 आपातकालीन हेल्पलाइन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्र को स्वास्थ्य आपातकाल, अपराध, भेदभाव, वीजा या आर्थिक समस्या जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है, तो भारतीय मिशन तुरंत संबंधित संस्थानों और मेजबान देशों की सरकारों के साथ मामला उठाते हैं। जरूरत पड़ने पर आपातकालीन चिकित्सा सहायता, अस्थायी आवास और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रदान की जाती हैं।
यह भी पढ़े -लापता लोगों की संख्या में बढोतरी, एनएचआरसी ने महाराष्ट्र समेत पांच राज्यों के मुख्य सचिव और डीजीपी को जारी नोटिस
विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि संकटग्रस्त भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए इंडियन कम्युनिटी वेलफेयर फंड (आईसीडब्ल्यूएफ) का भी उपयोग किया जाता है। विदेश मंत्रालय ने छात्रों से बेहतर संवाद और सहायता सुनिश्चित करने के लिए हाल ही में स्टूडेंट आउटरीच और एंगेजमेंट के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तैयार की है। इसके अलावा भारतीय कामगारों के हितों की सुरक्षा के लिए कई देशों के साथ लेबर और मैनपावर सहयोग समझौते किए गए हैं।
Created On :   13 March 2026 6:35 PM IST







