- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- चव्हाण ने कहा - मराठा साम्राज्य के...
चव्हाण ने कहा - मराठा साम्राज्य के किलो के संरक्षण के लिए विशेष निधि दे सरकार

New Delhi News. महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद अशोक चव्हाण ने मराठा साम्राज्य के 12 किलो के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार से विशेष निधि की व्यवस्था कर व्यापक संरक्षण योजना लागू करने की मांग की है। राज्यसभा में विशेष उल्लेख के तहत अपनी बात रखते हुए चव्हाण ने कहा कि मराठा साम्राज्य के 12 किलो को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया जाना पूरे देश और विशेष रूप से महाराष्ट्र के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहल से महाराष्ट्र के 11 तथा तमिलनाडु के एक मराठा किले को हाल ही में विश्व धरोहर का दर्जा प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के गौरवशाली इतिहास के प्रतीक रायगढ़, प्रतापगढ़, सिंधुदुर्ग और शिवनेरी जैसे किले केवल पत्थरों की दीवारें नहीं हैं, बल्कि वे 17वीं शताब्दी के भारत की सैन्य वास्तुकला, समुद्री शक्ति और प्रशासनिक दूरदृष्टि के जीवंत प्रमाण हैं।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि इस अमूल्य धरोहर का संरक्षण करना हमारा कर्तव्य है। इसके लिए इन किलों के संरक्षण हेतु स्वतंत्र और पर्याप्त आर्थिक निधि का प्रावधान किया जाए, पुरातत्व विज्ञान के आधार पर वैज्ञानिक पद्धति से किलों की मरम्मत और पुनरुद्धार किया जाए, किलों के इतिहास और वास्तुकला का डिजिटल रूप में संरक्षण किया जाए तथा किलों पर विरासत पर्यटन विकसित कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न किए जाएं।
Created On :   11 March 2026 7:35 PM IST









