New Delhi News: प्रधान मंत्री श्रम योगी मानधन योजन के तहत महाराष्ट्र में नामांकित कामगारों की संख्या छह लाख सत्ताईस हजार से ज्यादा

New Delhi News. महाराष्ट्र में प्रधान मंत्री श्रम योगी मानधन योजना (पीएम-एसवाईएम) के तहत नामांकित कामगारों की कुल संख्या 6,27,646 है। इसके साथ ही राज्य में सक्रिय लाभार्थियों की संख्या 1,95,216 है। लोकसभा में बुधवार को श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने यह जानकारी दी। सदन में प्रश्नकाल के दौरान राकांपा (शरद) सांसद सुप्रिया सुले और धैर्यशील मोहिते पाटील के पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय श्रम और रोजगार राज्य मंत्री ने बताया कि ये आंकड़े 4 मार्च 2026 तक के हैं। यह एक स्वैच्छिक और अंशदायी पेंशन योजना है। इस योजना के अंतर्गत 60 वर्ष की आयु प्राप्त करने के पश्चात असंगठित कामगारों को 3 हजार की निश्चित मासिक पेंशन प्रदान की जाती है।
18 से 40 वर्ष की आयु वर्ग के वे कामगार जिनकी मासिक आय 15 हजार या उससे कम है और जो ईपीएफओ/ईएसआईसी/एनपीएस (सरकारी वित्त पोषित) के सदस्य नहीं हैं, स्व-घोषणा के आधार पर इस योजना में सम्मिलित होने के पात्र हैं। करंदलाजे ने बताया कि लाभार्थी की प्रवेश आयु के आधार पर मासिक अंशदान की राशि 55 से 200 रुपए के बीच होती है। योजना के तहत 50 प्रतिशत मासिक अंशदान लाभार्थी द्वारा देय होता है और समान राशि अंशदान का भुगतान केंद्र सरकार द्वारा किया जाता है।
Created On :   11 March 2026 7:42 PM IST









