- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कटनी
- /
- घर में असुरक्षित प्रसव के बाद महिला...
घर में असुरक्षित प्रसव के बाद महिला की मौत

डिजिटल डेस्क, कटनी। शुक्रवार को कटनी में घर पर ही प्रसव होने के चलते महिला की मौत हो गई है। बरगवां निवासी नंदनी कोल पति आजाद कोल 22 वर्ष के 7 माह के गर्भ उपरांत शुक्रवार की सुबह प्रसव पीड़ा उठने पर परिजनों द्वारा उसे अस्पताल ले जाने की बजाय उसका प्रसव घर पर कराया गया। जिससे महिला की हालत बिगड़ गई। जब तक परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गौरतलब है कि शासन-प्रशासन द्वारा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित कर प्रसूताओं तथा आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही संस्थागत प्रसव का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके बावजूद शहरी क्षेत्र में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उदासीनता के चलते अधिकांश प्रसूताओं के प्रसव असुरक्षित माहौल में घर पर हो रहे हैं। जिससे जच्चा-बच्चा की जान पर खतरा मंडराता है।
इन सब के बाद भी घर पर प्रसव कराने की यह घटना समाज की कमी को उजागर करती हैं। मामले में परिजनों ने बताया कि 7 माह के प्रसव, खून की कमी एवं पीलिया की वजह से महिला की मौत हुई है। बहरहाल पुलिस द्वारा शव परीक्षण करा मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की जा रही है।
Created On :   16 Sept 2017 2:25 PM IST