- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- पूर्व उपसरपंच की हत्या के आरोपी...
पूर्व उपसरपंच की हत्या के आरोपी भेजे गए जेल

डिजिटल डेस्क,सतना। राजनैतिक प्रतिद्वंदिता में लाठी से पीटकर पूर्व उप सरपंच राजमणि कोल की हत्या के आरोपी सनी सिंह उर्फ आकाश सिंह 34 वर्ष और उसके बड़े भाई व ग्राम पंचायत दुर्गापुर से सरपंच पद के प्रत्याशी दर्पण सिंह 37 वर्ष को सिंहपुर पुलिस ने रविवार की दोपहर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 294, 323, 324, 307, 506 और 34 के साथ एससीएसटी एक्ट में प्रारंभिक जांच के बाद धारा 109, 302, आम्र्स एक्ट की धारा 25/27 और 11/13 एडी एक्ट बढ़ाई गई है। मुख्य आरोपी सनी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की गुप्ती के अलावा बारह बोर का कट्टा और एक खोखा भी जब्त किया गया है। उक्त हथियार से आरोपी ने अपने ही बाएं हाथ पर गोली मारकर मृतक राजमणि के खिलाफ झूठा केस दर्ज कराने की साजिश रची थी, मगर कोशिश नाकाम रही। वहीं उसके बड़े भाई दर्पण को हत्या के लिए उकसाने का आरोपी बनाते हुए गिरफ्त में लिया गया है।
फरार आरोपी की तलाश में दबिश:-
इस मामले में तीसरे और अहम आरोपी भोली सिंह की तलाश जोरशोर से चल रही है। थाना प्रभारी शैलेन्द्र पटेल ने आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है। गौरतलब है कि 15 जून की रात को सनी और भोली ने पूर्व सरपंच एवं वर्तमान में निर्विरोध पंच चुने गए राजमणि कोल 55 वर्ष को अपने भाई के पक्ष में लाने का प्रयास किया, मगर उसकी बात नहीं मानी तो लाठी व गुप्ती से बुरी तरह मारपीट कर दी थी। इलाज के दौरान राजमणि की रीवा में मौत हो गई थी।
Created On :   20 Jun 2022 3:01 PM IST