- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- उमरिया
- /
- सभी वन ग्राम राजस्व ग्राम बनाये...
सभी वन ग्राम राजस्व ग्राम बनाये जाएंगे पर जमीन खरीदी-बेची नहीं जा सकेगी

उमरिया में जन-जातीय गौरव सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा
डिजिटल डेस्क उमरिया/शहडोल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बुधवार को कहा है कि प्रदेश के सभी वनग्रामों को राजस्व ग्राम बनाया जाएगा। इन गांवों के लोगों को राजस्व ग्राम के सभी लाभ प्रदान किये जायेंगे लेकिन इन गांवों के निवासी अपनी पट्टे की भूमि को खरीद-विक्रय नहीं कर सकेंगे।
यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उमरिया जिले के डगडौआ में आयोजित जन-जातीय गौरव सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए की। उन्होंने कहा कि मप्र में जिन वनवासियों को भूमि के पट्टे दिए गए है, उन्हें फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना का लाभ भी दिया जाएगा। वनाधिकार पट्टे की जमीन में सुधार के लिए 8.60 करोड़ रुपए खर्च किए जाने की बात भी उन्होंने कही। उमरिया प्रवास के दूसरे दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डगडौआ शहीद बिरसा मुण्डा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जन-जातीय गौरव सम्मान समारोह का शुभारंभ किया। समारोह में वन मंत्री कुंवर विजहशाह, आदिम जाति कल्याण मंत्री सुश्री मीना सिंह, नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह, सांसद हिमांद्री सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैलाकर देश में हमारी संास्कृति, सामाजिक समरस्ता को तोडऩे का प्रयास कर रहे है। लोभ, लालच, भय और प्रलोभन देकर धर्मान्तरण करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर लोभ, लालच देकर धर्मान्तरण करने वाले, सामाजिक समरसता बिगाडऩे वाले असमाजिक तत्वों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने देश की आजादी में वीरांगना दुर्गावती, भीमा नायक, रघुनाथ शाह, शंकर शाह, टट्या भील जैसे महानायकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन महानायको के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। अमर शहीद बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि जिस महापुरुष ने हमारी संस्कृति की रक्षा और देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहूति दी, उनके जन्मदिवस 15 नवंबर को मध्यप्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।
Created On :   26 Nov 2020 1:59 PM IST