जानिए - पिछले कुछ घंटों में क्या -क्या वारदातें हुईं

Know what happened in the last few hours in Nagpur district
जानिए - पिछले कुछ घंटों में क्या -क्या वारदातें हुईं
नागपुर जानिए - पिछले कुछ घंटों में क्या -क्या वारदातें हुईं

डिजिटल डेस्क, नागपुर. एक वृद्ध महिला को कोविड का टीका लेने पर पैसे मिलने का झांसा देकर एक महिला ने ठग लिया। आरोपी महिला ऑटो में वृद्ध महिला को ले जाते समय उसे कर्ज दिलाने का लालच देकर उसके गहने लेकर फरार हो गई। गहने की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है। पांचपावली निवासी पीड़ित ताराबाई शिवनारायण हेड़ाऊ (67) ने शांति नगर थाने में ठगी की शिकायत की है। पुलिस के अनुसार ताराबाई गत 27 फरवरी को दोपहर करीब 1.45 से 2.30 बजे बाजार में खरीदारी करने जा रही थी। इस दौरान लालगंज झाड़े चौक में उसके पास एक 35 वर्षीय अज्ञात महिला आई और उसने ताराबाई से कहा कि, तुमने कोविड का टीका लिया होगा, तो पैसे मिल रहे हैं। ताराबाई अज्ञात महिला के बहकावे में आ गई। महिला ने ताराबाई को ऑटो में बिठाने के बाद रास्ते में उससे कहा कि, मैं तुमको गहने रखकर कर्ज भी दिला सकती हूं। महिला के बहकावे में आई ताराबाई ने उसे कर्ज लेने के लिए गहने दे दिए। आरोपी महिला ने भारतीय स्टेट बैंक, तांगा स्टैंड चाैक में ऑटो से उतरने के बाद ताराबाई को बैंक के सामने बाहर खड़ा कर दिया और बैंक के अंदर यह कहकर गई कि, बातचीत करने के बाद तुम्हें बुलाती हूं। ताराबाई, महिला का बैंक के सामने इंतजार करती रही, लेकिन वापस नहीं लौटी और ताराबाई के  30 हजार रुपए के गहने लेकर फरार हो गई। जब ताराबाई को एहसास हुआ कि, वह ठगी का शिकार हो गई है, तब उसने शांति नगर थाने में जाकर शिकायत की। उप-निरीक्षक  भगत ने अज्ञात आरोपी महिला पर धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। 

महिला का मंगलसूत्र छीनकर फरार

उधर वाठोड़ा क्षेत्र में एक 55 वर्षीय महिला का दो अज्ञात आरोपी सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। रामकृष्ण नगर, दिघोरी निवासी  सुमन दिलीप बोरकर (55) गत 27 फरवरी को शाम करीब 6.45 बजे पैदल जा रही थी। वाठोड़ा क्षेत्र में  स्वामी समर्थ अपार्टमेंट के सामने  रामकृष्ण नगर में  20 से 25 वर्ष की आयु के दो अज्ञात आरोपी दोपहिया वाहन पर आए और पीछे बैठे आरोपी ने सुमन बोरकर के गले से मंगलसूत्र झपट्टा मारकर छीन लिया। पश्चात दोनों फरार हो गया। वाठोडा थाने में सुमन ने शिकायत की। पुलिस ने धारा  392,34 के तहत मामला दर्ज किया है।

युवा कोच ने लगा ली फांसी


बेरोजगारी से परेशान युवा कोच ने फांसी लगा ली। उसकी मौत हो गई। हुड़केश्वर थाने में रविवार की रात आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज िकया गया। मृतक गजानन नगर निवासी सौरभ संतोष चव्हाण (22) है।  वह ताइक्वांडो का कोच था। कोरोनाकाल में वह बेरोजगार हो गया था। नौकरी के लिए उसने कई जगह प्रयास किया, लेकिन उसको निराशा ही हाथ लगी। पिछले काफी दिनों से वह तनाव मंे देखा जा रहा था। रविवार की शाम को उसने सीलिंग पंखे को चुन्नी बांधकर फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई। वह माता-पिता का एकलौता बेटा था।

पुलिस ने फिर आरोपियों को चार दिन की रिमांड पर लिया

उधर पीसीआर की अवधि खत्म होने पर ठग निशिद वासनिक और उसके गिरोह के सदस्यों को सोमवार को अदालत में पेश िकया गया। अदालत ने उन्हें दोबारा चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि, निशिद, उसकी पत्नी सहित गिरोह के अन्य लोगों ने ऑनलाइन कंपनी बनाई और क्रिप्टो करंेसी में निवेश करने पर रकम कम समय डबल करने का झांसा दिया। झांसे में आकर सैकड़ों निवेशक निशिद और उसके गिरोह के चंगुल में फंए गए। जिन्हें करोड़ों रुपए से चूना लगाया गया है। ठगी की रकम को लेकर हुए विवाद में निशिद ने मधुकर पवार नामक अपने ही एक साथी का नागपुर से अपहरण किया और वाशिम जिले में ले जाकर वहां उसकी गोली मारकर हत्या की। इसके बाद परिवार तथा गिरोह के साथ लोणावला में किराए का बंगला लेकर छुप गया। गत दिनों क्राइम ब्रांच की टीम ने लोणावला में छापा मारकर निशिद समेत िगरोह के 11 लोगों को गिरफ्तार किया था और उनसे करीब सवा करोड़ रुपए का माल भी जब्त किया। सोमवार को अदालत में पेश करने पर  उन्हें फिर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। 

ट्रेन से कटकर युवक की मौत

ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। उसने आत्महत्या की या वह ट्रेन की चपेट में आया, इसका खुलासा होना बाकी है। बेलतरोड़ी थाने में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है। मृतक मुकुंदराजन श्रीधरन (41), गणेश गौरी अपार्टमेंट,  विवेकानंद नगर निवासी है। रविवार को रात 10 बजे नरेंद्र नगर में ट्रेन से कटी हालत में उसका शव पाया गया। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। जांच जारी है। 

नागनदी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नागनदी में एक 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस के अनुसार एनआईटी सभागृह, जगदंबा सभागृह सेलिब्रेशन हाल के पीछे नागनदी में अज्ञात व्यक्ति का शव पाया गया। सूचना मिलने पर उप-निरीक्षक वासनिक सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा। आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया।

आग से झुलसी महिला की मौत

जरीपटका स्थित कुकरेजा नगर निवासी सीमा रोहित कच्छेला (41) की सोमवार की सुबह मौत हो गई। 25 फरवरी को उसने खुद को जला लिया था। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां  उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सीमा गृहिणी थी। कुछ दिन से उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं होने का बताया जा रहा है। उसके पति की गांधीबाग में कपड़े की दुकान है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज िकया। जांच जारी है।

सात वर्ष बाद पकड़ा गया फरार आरोपी

सात वर्ष से फरार आरोपी पांचपावली पुलिस के हत्थे चढ़ा। उस पर एक महिला के घर पर पथराव करने का आरोप है। पीड़ित महिला रमाई नगर निवासी शहनाज अजित खान (37) है। आरोपी ने 25 अगस्त 2014 की रात आरोपी मो. फैज मलिक (34), ताज नगर टेका, मकसूद अहमद अमीनुद्दीन मलिक (24), कय्यूम अहमद अमीनुद्दीन मलिक (30), रमाई नगर निवासी के साथ मिलकर रंजिश के चलते महिला के घर पर पथराव िकया था। प्रकरण मंे फैज को छोड़कर बाकी सभी आरोपियों को िगरफ्तार िकया गया था। फैज की िगरफ्तारी के लिए कई जगह पुलिस ने दबिश दी थी। रविवार को संदिग्ध स्थिति में घूमते समय वह पुलिस के हाथ लगा। 

 

Created On :   1 March 2022 11:55 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story