महिला से ठगी करने वाले दम्पति को पुलिस ने दबोचा

डिजिटल डेस्क जबलपुर। बरगी क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत 28 वर्षीय महिला की पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख की ठगी करने वाले आरोपी डॉक्टर विपिन पांडे व उसकी नर्स पत्नी अम्बिका को पुलिस ने दबोच लिया है। दोनों के खिलाफ 14 जुलाई को मामला दर्ज किया गया था, उसके बाद से दोनों फरार थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें डिंडौरी से गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेजा गया।
गढ़ा पुलिस के अनुसार पीडि़त महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बरगी स्थित एक निजी अस्पताल में कार्य करती थी। उसी अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर विपिन पांडे और उसकी पत्नी अम्बिका नर्स है। दोनों ने महिला को झाँसे में लेकर कहा कि उनकी एक पुलिस अधिकारी से अच्छी जान पहचान है। वह उनकी नौकरी लगवा देंगे। दोनों ने झाँसा देकर महिला से 3 लाख की डिमांड की और फिर डेढ़ लाख का चैक व नकदी 50 हजार ले लिए। उसके बाद आरोपी दम्पति ने महिला को अपने घर बुलाया और नशे की गोली खिलाकर उसका अश्लील वीडियो बनाकर धमका रहे थे।
Created On :   24 July 2022 10:42 PM IST