परिजनों को सौंपे गए दोनो लोको पायलट के पार्थिव देह

The mortal remains of both the loco pilots were handed over to the relatives
परिजनों को सौंपे गए दोनो लोको पायलट के पार्थिव देह
जगह-जगह श्रद्धांजलि परिजनों को सौंपे गए दोनो लोको पायलट के पार्थिव देह

डिजिटल डेस्क,सतना। भुसावल ट्रेनिंग में गए सतना जंक्शन के दो वरिष्ठ लोको पायलट शंत्रुजय त्रिपाठी और कुमार गौरव गौतम के पार्थिव देह सड़क हादसे के तीसरे दिन मंगलवार की शाम यहां रेल अधिकारियों ने परिजनों को सौंप दिए। महज 27 वर्षीय दोनों युवकों की 6 नवंबर को महाराष्ट्र के मुंबई-पुणे ओल्ड हाइवे पर बोरघाट खंडाला में रोड एक्सीडेंट में मृत्यु हो गई थी।

शाम सवा 5 बजे मुंबई-हावड़ा मेल से दोनों शव यहां लाए गए। बेहद गमगीन माहौल के बीच शत्रुजंय की पार्थिव देह यहां सिद्धार्थ नगर आवास और कुमार गौरव का शव एम्बुलेंस से रीवा जिले के जवा भेजा गया। मदद के लिए लोको पायलट डिपो के इंचार्ज संजय शुक्ला के साथ जहां 5 रेल कर्मचारी जवा भेजे गए हैं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक शत्रुजंय  का अंतिम संस्कार 9 नवंबर को सुबह 9 बजे नारायण तालाब स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा। इस दौरान रेलवे की ओर से एडीई संजय पांडे मौजूद रहेंगे।

इन्होंने अर्पित की पुष्पांजलि:

इससे पहले जबलपुर में वरिष्ठ मंडल अधियंता आरती मिश्रा,डब्ल्यूसीआरयू के मंडल अध्यक्ष पीएन शुक्ला, सचिव रमेश मिश्रा, जेडी पी अग्रवाल, सुशील शुक्ला,और सतीश यादव समेत बड़ी संख्या में रनिंग स्टाफ ने पुरनम श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी प्रकार कटनी जंक्शन में राकेश पांडेय एवं अन्य रनिंग कर्मचारियों तथा  
सतना जंक्शन में एरिया मैनेजर रोहित सिंह,स्टेशन प्रबंधक पीके अवस्थी,लोको फोरमैन संतोष शुक्ला, लोको निरीक्षक ओपी यादव, आरिफ सिद्दकी,राजीव अग्र्रवाल और यूके पटेल, रेल कर्मचारी नेता अशोक यादव एवं पुष्पेन्द्र तिवारी के अलावा आरपीएफ - जीआरपी स्टाफ  ने पुष्पांजलि अर्पित की।  

शहर में शोक की लहर

सिद्धार्थ नगर समेत समूचे शहर में शोक की लहर है। उल्लेखनीय है, शत्रुंजय त्रिपाठी वार्ड 9 की पार्षद कपसा त्रिपाठी के दो बेटों में सबसे बड़े थे। उन्हें अभी तक इस अत्यंत दुखद हादसे से बेखबर रखा गया था। पिता शारदा त्रिपाठी समेत अन्य परिजनों का बुरा हाल था। उल्लेखनीय है, दोनों अविवाहित हम उम्र वरिष्ठ लोको पायलट ट्रेनिंग के लिए 20 अक्टूबर को भुसावल गए थे। ट्रेनिंग 6 दिसंबर को पूरी होनी थी। 
 

Created On :   9 Nov 2022 1:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story