पशु चिकित्सालय है लेकिन नहीं हो रहा मवेशियों का इलाज

डिजिटल डेस्क,शहडोल। जिले के दूरांचल केशवाही में पशु चिकित्सालय होने के बाद भी इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। भवन तो बना है लेकिन पशु चिकित्सक की पदस्थापना नहीं है। जो स्टाफ है वह भी गायब ही रहता है। ऐसी स्थिति में पशु मालिकों को अपने पशुओं के इलाज के लिए परेशान होना पड़ता है। केशवाही पशु चिकित्सालय के अंतर्गत 40 गांव के मवेशी निर्भर हैं। क्षेत्र में लगभग हर घर में मवेशी पाले जाते हैं। खेती-किसानी का अधिकतर कार्य मवेशियों के भरोसे ही है। इसे देखते हुए यहां पशु चिकित्सालय की स्थापना कराई गई थी। कुछ समय तक ठीक चला। लेकिन स्टॉफ ने ध्यान देना बंद कर दिया।
इन समस्याओं से जूझना पड़ रहा
-बरसात के समय पशुओं में खुर पका और अन्य तरह बीमारियां होती हैं, जिससे उनकी मौत भी जाती है।
-पशुओं का टीकाकरण नहीं कराया जाता, जिसके कारण वे बीमार हो जाते हैं।
-गर्भाधान की सुविधा नहीं मिल रही। पशुओं के बीमार होने पर दवा भी नहीं मिलती।
ग्रामीणों की मांग, समस्या दूर हो
पशु पालक दिनेश कुमार, मोहम्मद परवेज व अन्य ने बताया कि मवेशियों के इलाज के लिए यहां किसी प्रकार की सुविधा नहीं है। टीकाकरण तो होता ही नहीं। यहां पर दुग्धशीत केंद्र भी बनाया गया है, परंतु उसका लाभ भी लोगों को नहीं मिल रहा है। युवा नेता मनोज शुक्ला व अन्य ग्रामीणों ने मांग की है कि पशु चिकित्सालय की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
- सीमित संसाधन व स्टॉफ की कमी के कारण परेशानी आ रही है। प्रयास है कि ग्रामीणों को इसका लाभ मिले डॉ. वीवीएस चौहान, उप संचालक पशु चिकित्सा
Created On :  
