- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- नरसिंहपुर
- /
- मजदूरी पर जा रही महिला से सामूहिक...
मजदूरी पर जा रही महिला से सामूहिक बलात्कार, तीनों आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नरसिंहपुर। गाडरवारा थाना की सिहोरा चौकी क्षेत्र में खुलरी और बरहा ग्राम के बीच एक खेत पर अपने पति के साथ मजदूरी करने जा रही एक महिला के साथ बीती रात तीन लोगों ने सामूहिक दुराचार किया। घटना के समय पीड़ित का पति भी उसके साथ था, किंतु आरोपियों ने उसे मारपीट कर भगा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिला की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बतायी जा रही है। इस संबंध में SDOP गाडरवारा सुमित केरकेट्टा ने मामला दर्ज कर जांच के आदेश हैं।
डायल 100 पर महिला ने दी सूचना
बताया कि मंगलवार की रात्रि डायल 100 पर महिला द्वारा उसके साथ सामूहिक दुराचार की सूचना दी गई थी। जिसमें पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक महिला खुलरी और बरहा ग्राम के बीच एक खेत पर अपने पति के साथ रहकर मजदूरी का कार्य करती थी। आरोपी राकेश साहू 40 वर्ष पिता कोरी लाल साहू, नरेन्द्र सिंह राजपूत 42 वर्ष पिता राम सिंह राजपूत तथा सुरेन्द्र सिंह राजपूत 50 वर्ष पिता इमरत सिंह राजपूत तीनों निवासी ग्राम खुलरी मंगलवार की रात्रि खेत में पहुंचे और महिला के साथ तीनों ने दुराचार किया। मामले में पुलिस ने धारा 376 (डी) के तहत मामला पंजीबद्ध करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खण्डरनुमा मकान में अज्ञात महिला का शव मिला
स्टेशन गंज थाना क्षेत्र में खमतरा व दादा महाराज के मध्य स्थित हरियाली माल के समीप एक अर्द्ध निर्मित खण्डहरनुमा मकान में एक महिला का सड़ा गला शव मिला। महिला की उम्र करीब 30 से 45 वर्ष होने का अनुमान लगाया जा रहा है। शव पड़ा होने की सूचना मकान मालिक पलाश शर्मा द्वारा स्टेशनगंज थाने में दी गई। सोमवार को श्री शर्मा जब उक्त स्थल पर पहुंचे और दुर्गन्ध आने पर उन्होंने अर्द्ध निर्मित के अंदर जाकर देखा तो एक महिला का सड़ा गला शव मिला। जो करीब 8 से 10 दिन पुराना हो सकता है। स्टेशन गंज थाना प्रभारी SI श्रृंगेश राजपूत ने बताया कि मृतिका के शरीर पर काले रंग की साड़ी व काले रंग का ब्लाउज तथा हाथों में हल्के महरून रंग की चूडिय़ां थी। उन्होंने बताया कि शव सड़ा गला होने के कारण शिनाख्ती में दिक्कत आ रही है।
Created On :   20 Jun 2018 7:39 PM IST