- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Umred
- /
- तेंदुआ पकड़ने लगाया था पिंजरा- फंस...
तेंदुआ पकड़ने लगाया था पिंजरा- फंस गया कुत्ता

डिजिटल डेस्क, उमरेड। तहसील की वेकोलि उमरेड खदान में कुछ दिन पहले रेस्ट सेल्टर ऑफिस के पीछे एक तेंदुआ दिखाई दिया था। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग ने 4 अगस्त को पिंजरा लगाया। उसमें एक मेमने को रखा गया। तेंदुुआ तो पिंजरे में कैद नहीं हुआ, लेकिन एक आवारा श्वान फंस गया। उसने मेमने को बूरी तरह घायल कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। 10 अगस्त को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हाेने से घटना का खुलासा हुआ।
नहीं पहुंचा तेंदुआ, जल्द ही पकड़ा जाएगा
जी. टी. रामटेके, राउंड ऑफिसर उमरेड के मुताबिक वेकोलि प्रशासन द्वारा खदान परिसर में तेंदुआ होने व पकड़ने की मांग करते हुए 3 से 4 बार पत्र व्यवहार किया गया। पिंजरा रखने के बाद से तेंदुआ परिसर में नहीं दिखाई दिया। ट्रैप लगाया गया है, जल्द ही पकड़ा जाएगा।
मिनीवाड़ा में बाघ ने किया गाय का शिकार
उधर कोंढाली वन परिक्षेत्र के घुबड़ी उपवन के तहत मिनीवाड़ा के किसान ज्ञानेश्वर सरजू टेकाम की चार वर्षीय गाय का भीमनखोरी वनक्षेत्र में गुरुवार 12 अगस्त की दोपहर करीब 3.30 बजे के दौरान शिकार कर लिया। घटना की सूचना कोंढाली वनपरिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय को दी गई। सूचना मिलते ही वनपरिक्षेत्र अधिकारी एफआर आजमी ने घुबड़ी उपवन अधिकारी आरओ सोनवने तथा वनरक्षक एमजी केंद्रे को मिनीवाड़ा मौके पर भेजा। प्राप्त जानकारी के अनुसार मिनीवाड़ा में जंगल परिसर से सटकर किसान ज्ञानेश्वर के मवेशी खेत में चर रहे थे। इस बीच पशुओं पर बाघ ने हमला कर दिया। घटना से अन्य पशु भागने लगे तब किसान की नजर पड़ने पर बाघ गाय काे दबोचे हुए था। शोर मचाते ही समीपस्थ किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाघ को भगाया तथा वन अधिकारी को सूचना दी गई। वन अधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान पर गाय को मारा गया था, उस स्थान पर वन विभाग ने ट्रैप कैमरा लगाया है। किसान गणेश वानखेड़े तथा अन्य किसानों ने पीड़ित किसान को मुआवजा देने व हिंसक वन्यजीवों से सुरक्षा करने की मांग की हंै।
Created On :   13 Aug 2021 1:48 PM IST