- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- दादाधाम एक्सप्रेस शुरू करने की...
Pandhurna News: दादाधाम एक्सप्रेस शुरू करने की मांग, रेल जनसंवाद में उठे यात्री सुविधाओं के मुद्दें

डिजिटल डेस्क,पांढुर्ना। खंडवाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दादाधाम एक्सप्रेस का पूर्ण संचालन शुरू किया जाए और कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों के स्टाॅपेज फिर से बहाल किए जाएं। पांढुर्ना रेलवे स्टेशन पर आयोजित रेल जनसंवाद में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने यात्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए रेलवे से सुविधाओं के विस्तार की मांग कीं। भारतीय रेलवे के देशभर के 7 हजार स्टेशनों पर आयोजित रेल जनसंवाद कार्यक्रम के तहत पांढुर्ना स्टेशन पर भी यात्रियों से जुड़े मुद्दों व सुविधाओं पर चर्चा हुई।
इस दौरान पार्षद लोचन खवसे ने कहा कि दादाधाम एक्सप्रेस का संचालन श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। ट्रेन के पुनः संचालन से पांढुर्ना और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को खंडवाधाम जाने में सुविधा मिलेगी। वहीं कोरोना काल में बंद ट्रेनों का संचालन व पुराने स्टाॅपेज बहाल होने से यात्रियों की परेशानी कम होगी। जनसंवाद में स्टेशन की बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा सामने आया। जनप्रतिनिधियों ने बड़ी पेयजल टंकी निर्माण, चारों प्लेटफाॅर्म पर शीतल पेयजल उपलब्ध कराने, स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और कैंटीन में गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इसके अलावा ट्रेनों में जनरल कोच की संख्या बढ़ाने और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाने का सुझाव भी दिया गया। जनसंवाद में गायत्री काॅलोनी और गुजरखेड़ी की ओर आने-जाने में होने वाली परेशानी दूर करने के लिए फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी गई। गायत्री काॅलोनी की ओर रेलवे द्वारा बनाई गई जर्जर सड़क का पुनर्निर्माण कराने की जरूरत भी बताई गई।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन सुविधाओं से स्थानीय नागरिकों के साथ रोजाना रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। जनसंवाद में नागपुर से आए रेलवे अधिकारी डीएमई, स्टेशन अधीक्षक सत्येन्द्र शर्मा और वाणिज्य पर्यवेक्षक भरत किनकर ने लोगों की समस्याएं एवं सुझाव सुनें। सुझावों को दर्ज करने के लिए निर्धारित प्रपत्र भी भरवाए गए। इस दौरान शास्त्री वार्ड पार्षद लोचन खवसे सहित सुनील मानकर, दिलीप बुआडे, बलराम पाठे और धनराज केवटे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Created On :   22 Oct 2026 8:39 PM IST








