पांढुर्णा न्यूज: पांढुर्णा में पानीपुरी मशीन में फंसा 9 साल के बच्चे का हाथ, पांचों उंगलियां कटीं

दो घंटे की मशक्कत के बाद कटर से मशीन काटकर निकाला हाथ, कलेक्टर ने रेडक्रॉस से इलाज के लिए दिए 10 हजार रुपए

डिजिटल भास्कर पांढुर्णा। शहर में शनिवार को पानीपुरी बनाने वाली मशीन में हाथ फंसने से 9 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बालक की पांचों उंगलियां कट गईं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों ने कटर की मदद से मशीन काटकर उसका हाथ बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद बालक को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार संतोषी माता वार्ड निवासी कार्तिक सावदे के पिता सचिन पानीपुरी बेचने का काम करते हैं। उन्होंने छह महीने पहले घर में पानीपुरी बनाने की छोटी मशीन खरीदी थी। शनिवार को घर में मशीन चल रही थी। इसी दौरान कार्तिक मशीन के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते उसने मशीन को हाथ से दबाने की कोशिश की, तभी उसका हाथ मशीन में फंस गया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और हाथ निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब दो घंटे बाद कटर से मशीन काटकर हाथ बाहर निकाला जा सका।

पांचों उंगलियां गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त

हादसे के बाद बालक को 108 एंबुलेंस से पांढुर्णा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर रंजीत के अनुसार मशीन में फंसने से बालक की पांचों उंगलियां कट गई हैं। ऑपरेशन की आवश्यकता को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया।

कलेक्टर ने दिए 10 हजार रुपए

घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से बालक के उपचार के लिए 10 हजार रुपए का चेक प्रदान किया। बालक के पिता सचिन ने बताया कि उनकी पत्नी भी घर में पानीपुरी बनाने में सहयोग करती हैं। उनके दो बेटे हैं, जिनमें कार्तिक बड़ा है। हादसे के समय वह मशीन के पास खेल रहा था और अनजाने में उसका हाथ मशीन में चला गया।


Created On :  

Tags

Next Story