Pandhurna news: सरस्वती माता की अनोखी झांकी, किसानों ने लगाई पांढुर्णा को सूखाग्रस्त घोषित करने की गुहार
डिजिटल न्यूज़ पांढुर्णा
जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम तिगांव के गुजरी चौक में सरस्वती माता की अनोखी झांकी सजाई गई है। इस झांकी के माध्यम से ग्रामीणों और किसानों ने पांढुर्णा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने तथा प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है। नवरात्रि के बाद स्थापित माता की प्रतिमा के पीछे लगाए गए पोस्टर और संदेशों के जरिए किसानों ने अपनी परेशानी को सामने रखा है।
तिगांव क्षेत्र में संतरा, कपास, तुअर और मूंगफली की फसल बड़े पैमाने पर लगाई जाती है। इस वर्ष जिले में कम बारिश होने से खेती पर असर पड़ने की आशंका है। बारिश की कमी के कारण किसान फसलों को लेकर चिंतित हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने धार्मिक आस्था के साथ किसानों की समस्या को जोड़ते हुए यह झांकी तैयार की है।
झांकी के जरिए शासन तक पहुंचाई मांग....
झांकी में सरस्वती माता की प्रतिमा के पीछे लगाए गए पोस्टरों पर पांढुर्णा को सूखाग्रस्त घोषित करने और किसानों को राहत देने की मांग लिखी गई है। इसके साथ ही खेती, फसल और किसानों की स्थिति को दर्शाने वाले चित्र भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कम बारिश से प्रभावित किसानों की स्थिति को देखते हुए शासन-प्रशासन को उनकी समस्या पर ध्यान देना चाहिए। झांकी के माध्यम से किसानों ने अपनी मांग शासन तक पहुंचाने का प्रयास किया है, ताकि उन्हें संकट के समय राहत मिल सके।
Created On :  

