Panna News: दक्षिण वनमण्डल अंतर्गत खिलसारी में मिले प्राचीन शैल चित्र, प्राकृतिक व सांस्कृतिक धरोहर का अद्भुत संगम

दक्षिण वनमण्डल अंतर्गत खिलसारी में मिले प्राचीन शैल चित्र, प्राकृतिक व सांस्कृतिक धरोहर का अद्भुत संगम
  • दक्षिण वनमण्डल अंतर्गत खिलसारी में मिले प्राचीन शैल चित्र
  • प्राकृतिक व सांस्कृतिक धरोहर का अद्भुत संगम

Panna News: दक्षिण वनमण्डल पन्ना अंतर्गत सलेहा परिक्षेत्र अंतर्गत बौलिया सर्किल स्थित खिलसारी के समीप विशाल चट्टानों पर प्राचीन शैल चित्रों की खोज हुई है। इन अद्वितीय चित्रों को प्रकृति संरक्षण कार्यकर्ता अजय चौरसिया ने खोज कर सांझा किया है। विशेषज्ञों के अनुसार यह चित्र अत्यंत प्राचीन काल के हैं और मानव सभ्यता के आरंभिक विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा उस दौर के सामाजिक जीवन का सजीव प्रमाण प्रस्तुत करते हैं। लाल-गेरुए रंगों से बने ये चित्र आज भी स्पष्ट दिखाई देते हैं जो हमारी प्रागैतिहासिक धरोहर की महत्ता को दर्शाते हैं। खिलसारी की पन्नी अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी प्रसिद्ध है। यहाँ बहने वाली नदी का जल कई फीट ऊँचाई से गिरकर एक मनोरम झरना बनाता है जो विशेषकर बरसात के दिनों में अत्यंत भव्य रूप ले लेता है। झरने के आसपास का वनक्षेत्र कुल्लू, अर्जुन, कठजामुन जैसे वृक्षों तथा विविध वन्य जीव-जंतुओं से समृद्ध है। पक्षियों का कलरव और तितलियों की उड़ान इस स्थल की खूबसूरती में चार चाँद लगाते हैं। इतना ही नहीं शैल चित्रों के समीप स्थित बड़ादेव का स्थल आदिवासी समाज की आस्था का केंद्र है जो इस स्थान को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्त्वपूर्ण बनाता है।

संरक्षण की आवश्यकता

इतिहासकारों और प्रकृति प्रेमियों का मानना है कि खिलसारी की पन्नी में मिले इन शैल चित्रों को पुरातात्विक धरोहर के रूप में संरक्षित करना अनिवार्य है। इनका संरक्षण न केवल हमारे अतीत को समझने में सहायक होगा बल्कि आने वाली पीढियों के लिए भी यह अमूल्य धरोहर बनी रहेगी। प्रकृति संरक्षण कार्यकर्ता अजय चौरसिया ने अपील की है कि इस क्षेत्र की विशेषता और महत्ता को ध्यान में रखते हुए इसे संरक्षित किया जाए ताकि पन्ना की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखा जा सके। रेंज ऑफिसर सुश्री जीतू सिंह बघेल ने कहा कि वन विभाग द्वारा इस धरोहर के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और स्थानीय समुदाय की सहभागिता से इसे सुरक्षित रखने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Created On :   22 Aug 2025 3:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story