- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- चलनी के बच्चों को कीचड़-भरे खेतों...
शाहनगर न्यूज: चलनी के बच्चों को कीचड़-भरे खेतों से होकर जाना पड़ता है स्कूल,

शाहनगर डिजिटल डेस्क। जनपद पंचायत शाहनगर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला चलनी (डाइस कोड 23100520801) में शिक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। जहां एक तरफ नौनिहालों को कीचड़ सने खेतों से गुजरकर स्कूल जाना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ जर्जर भवन में जान जोखिम में डालकर पढ़ने को मजबूर हैं।
. रास्ता नहीं, दलदल है - बरसात में स्कूल तक पहुंचने का कोई पक्का रास्ता नहीं है। बच्चों को घुटने भर कीचड़ और उबड़-खाबड़ खेतों से होकर आना-जाना पड़ता है। फिसलन से गिरकर चोटिल होने का डर हमेशा बना रहता है।
5 कमरों में से 1 में चल रही क्लास - शाला भवन 5 कमरों से सुसज्जित है, पर हकीकत में महज एक कमरा ही बचा है। एक कमरे में किचन शेड है और एक में कार्यालयीन दस्तावेज रखे हैं। बाकी बरामदा और अतिरिक्त कक्ष पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। मजबूरी में कक्षा 1 से 5 तक के सभी बच्चों को एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है।
. प्लास्टर उखड़ा, छत से टपकता पानी - फोटो में साफ दिख रहा है कि भवन की दीवारों का प्लास्टर जगह-जगह से उखड़ गया है, छत से पानी टपकता है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
शिक्षकों का जज्बा सलाम के लायक - इतनी बदहाली के बावजूद प्रधानाध्यापक प्रेम लाल गुप्ता और शिक्षक भागीरथ दास साहू पूरी लगन और निष्ठा से बच्चों को ज्ञान दे रहे हैं।
शासन-प्रशासन मौन, ग्रामीणों में आक्रोश -
इसी समस्या को लेकर समाजसेवी राकेश लोधी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जनपद पंचायत शाहनगर में जनपद सीईओ शिवम वर्मा को कलेक्टर महोदया के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सुगम रास्ता और भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे। बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में राकेश पटेल सरसी, अनिल लोधी, संतोष लोधी, छोटे आदिवासी, विवेक लोधी, धनीराम लोधी सहित समस्त ग्रामवासी मौजूद रहे।
Created On :   10 Sept 2026 5:05 PM IST











