- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पन्ना के धरम सागर तालाब में मिली...
Panna News: पन्ना के धरम सागर तालाब में मिली 10वीं शताब्दी की नंदी प्रतिमा

- शहर के मध्य स्थित ऐतिहासिक धरम सागर तालाब में
- पन्ना के धरम सागर तालाब में मिली 10वीं शताब्दी की नंदी प्रतिमा
Panna News: शहर के मध्य स्थित ऐतिहासिक धरम सागर तालाब में चल रही खुदाई के दौरान एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक खोज सामने आई है। श्रमिकों को तालाब की गहराई में 10वीं शताब्दी की एक अलंकृत सफेद पत्थर की नंदी प्रतिमा मिली है। इस खोज ने क्षेत्र के समृद्ध इतिहास और कलात्मक विरासत पर नया प्रकाश डाला है। उत्कृष्ट नक्काशी और अलंकरणों से सुशोभित यह प्रतिमा भगवान शिव के वाहन नंदी बैल का प्रतिनिधित्व करती है। सफेद पत्थर से निर्मित यह मूर्ति अपनी सुंदरता और कलात्मक बारीकियों के लिए देखते ही बनती है। जानकारों का मत है कि इस प्रकार का सफेद पत्थर पन्ना क्षेत्र में ही पाया जाता है। खुदाई स्थल पर मौजूद पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने प्रतिमा को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला और प्रारंभिक निरीक्षण किया।
अधिकारियों के अनुसार सदियों पुरानी होने के कारण प्रतिमा को कुछ क्षति अवश्य पहुँची है। पुरातत्व विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह खोज पन्ना के ऐतिहासिक महत्व को और भी सुदृढ़ करती है। 10वीं शताब्दी की इतनी सुंदर और अलंकृत नंदी प्रतिमा का मिलना एक दुर्लभ घटना है और यह क्षेत्र की कला और धार्मिक परंपराओं पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करती है। अब पुरातत्व विभाग इस प्रतिमा का विस्तृत अध्ययन करने की योजना बना रहा है जिसमें इसकी आयु का सटीक निर्धारण और इस काल की अन्य कलाकृतियों के साथ इसका तुलनात्मक अध्ययन शामिल है। इस खोज से धरम सागर तालाब और पन्ना के आसपास के क्षेत्र के इतिहास पर और अधिक शोध करने की प्रेरणा मिलेगी। इस महत्वपूर्ण खोज पर प्रतिक्रिया देते हुए हिन्दू पथ महल पन्ना में पदस्थ कर्मचारी व जानकार सरदार सिंह ने कहा कि यह प्रतिमा पन्ना की ऐतिहासिक धरोहर के लिए एक अमूल्य निधि है और इससे क्षेत्र की प्राचीन कला और संस्कृति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।
Created On :   9 May 2025 5:11 PM IST