- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- सहायक उपनिरीक्षक यशवंत सिंह के...
Panna News: सहायक उपनिरीक्षक यशवंत सिंह के स्थानांतरण पर विदाई समारोह आयोजित

Panna News: थाना रैपुरा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक यशवंत सिंह के स्थानांतरण पर पुलिस स्टाफ एवं ग्रामीणों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर थाना परिसर में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में थाना प्रभारी स्मिता बघेल, समस्त पुलिस स्टाफ तथा क्षेत्र के ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने सहायक उपनिरीक्षक यशवंत सिंह को शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। वर्तमान में उनका स्थानांतरण धरमपुर थाना की खोरा चौकी प्रभारी के रूप में किया गया है। विदाई समारोह के दौरान यशवंत सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि रैपुरा थाना में उनका कार्यकाल अत्यंत सुखद और यादगार रहा। क्षेत्रवासियों एवं पुलिस सहयोगियों का सहयोग उन्हें सदैव प्रेरणा देता रहा है।
थाना प्रभारी स्मिता बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि सहायक उपनिरीक्षक यशवंत सिंह के साथ कार्य करना एक सकारात्मक और अनुशासित अनुभव रहा। वह अपने कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव और अनुशासन के लिए सदैव याद किए जाएंगे। वहीं पुलिस स्टाफ ने बताया कि यशवंत सिंह एक अच्छे सहयोगी होने के साथ-साथ मार्गदर्शक और गुरु के रूप में भी सभी का सहयोग करते रहे। उल्लेखनीय है कि यशवंत सिंह वर्ष 2016 में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे। इसके पश्चात वह हरदुआ चौकी प्रभारी रहे और वर्ष 2021 से रैपुरा थाना में सेवाएं दे रहे थे। यशवंत सिंह के स्थानांतरण के साथ ही रैपुरा थाना अब सहायक उपनिरीक्षक विहीन हो गया है। वर्तमान में थाना में सहायक उपनिरीक्षक के लगभग पांच पद स्वीकृत हैं किंतु सभी पद पूरी तरह से रिक्त पड़े हुए हैं जिससे थाना की कार्यप्रणाली पर अतिरिक्त दबाव बढऩे की संभावना जताई जा रही है।
Created On :   29 Jan 2026 2:26 PM IST














