Panna News: छठी कार्यक्रम में जा रहे ग्रामीणों से भरा ट्रैक्टर पलटा, एक दर्जन घायल, पांच गंभीर रूप से जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर

छठी कार्यक्रम में जा रहे ग्रामीणों से भरा ट्रैक्टर पलटा, एक दर्जन घायल, पांच गंभीर रूप से जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर
जिले के नादन गांव के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है जहां ग्रामीणों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया।

Panna News: जिले के नादन गांव के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है जहां ग्रामीणों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार करीब एक दर्जन ग्रामीण घायल हो गए हैं जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

देर रात करीब 1 बजे हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना देर रात करीब 1 बजे की है। मुटहा गांव के रहने वाले सभी ग्रामीण एक ट्रैक्टर में सवार होकर नादन गांव में आयोजित एक छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। ट्रैक्टर अभी नादन गांव पहुंचने से कुछ ही दूरी पर था तभी अचानक चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। नियंत्रण खोने के कारण तेज रफ्तार ट्रैक्टर सडक़ किनारे पलट गया।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल पांच की हालत गंभीर

हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सभी को प्राथमिक उपचार दिया। मामूली रूप से चोटिल हुए लोगों को शुरुआती इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें शुक्रवार 12 जून को इलाज के लिए जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया गया।

यह हुए घायल

जिला अस्पताल पन्ना रेफर किए गए गंभीर मरीजों में उमेश आदिवासी उम्र 17 वर्ष, फूला बाई उम्र 40 वर्ष, आशा बाई उम्र 32 वर्ष, हक्की बाई उम्र 30 वर्ष पुष्पेंद्र आदिवासी 12 वर्ष शामिल है। घायल हक्की बाई ने बताया कि वे सभी मुटहा गांव से नादन गांव जा रहे थे तभी रात के समय यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची।

Created On :   13 Jun 2026 3:49 PM IST

Tags

Next Story