- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पिकअप से दिन में रेकी, रात में...
पन्ना न्यूज: पिकअप से दिन में रेकी, रात में चोरी; पन्ना पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़ा

डिजिटल डेस्क पन्ना। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान के मार्गदर्शन में पन्ना पुलिस ने सूने मकानों, निर्माणाधीन भवनों और शासकीय उचित मूल्य की दुकानों को निशाना बनाने वाले अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सतना और रीवा से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर देवेन्द्रनगर और गुनौर थाना क्षेत्रों की 10 चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में गांवों में घूमकर सूने मकान, दुकान और निर्माणाधीन भवनों की रेकी करते थे। रात में पिकअप और बाइक से पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने बड़ागांव, सिलगी, गिरवारा, गोल्ही मुड़िया सहित गुनौर क्षेत्र के सिली गुनौर, लुहर, हरदुहाई, भटगवां और पटना कला में चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।
CCTV और साइबर टीम से मिला सुराग: घटनास्थलों और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज का विश्लेषण, संदिग्ध वाहनों की निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के बाद सतना और रीवा में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी: शिवम पटेल (21), निवासी नंदहा, हाल ढेकहा रीवा; अमन उर्फ नसीम खान (22), ढेकहा रीवा; टीआई उर्फ राजेश पटेल (29), ढेकहा रीवा; अमर पटेल (22), ढेकहा रीवा; अनुज विश्वकर्मा (21), निवासी नंदहा सतना और अजय पाठक (31), निवासी बम्होरी रीवा, हाल ढेकहा रीवा।
16.82 लाख रुपए का मशरूका जब्त: आरोपियों के कब्जे से 30 नग प्लाई, 20 बोरी गेहूं, 4 बोरी चावल, 3 हजार रुपए नकद, घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार, पिकअप वाहन और अपाचे बाइक समेत करीब 16 लाख 82 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर संतोष सिंह यादव, थाना प्रभारी गुनौर बलबीर सिंह, सउनि सज्जन प्रजापति, कुंजबिहारी कोल, नाथूराम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक राकेश अहिरवार, लक्ष्मी नारायण यादव, शिवस्वरूप तिवारी, सत्येन्द्र बागरी, राजवेन्द्र सिंह, रामकरण, आरक्षक बृजेन्द्र रैकवारा, भूरी सिंह, रोहित बागरी, नीलेश, राजकुमार, श्यामसुंदर, महिला आरक्षक हेमलता बागरी सहित साइबर सेल पन्ना की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Created On :   20 Sept 2026 6:40 PM IST












