Brijpur/Panna news: कोचिंग में शोर मचाने से मना करने पर छात्र से मारपीट

कोचिंग में शोर मचाने से मना करने पर छात्र से मारपीट
सिर पर कड़े से हमला; मामला दर्ज

डिजिटल न्यूज़ बृजपुर/पन्ना

थाना बृजपुर अंतर्गत ग्राम अहिरगवां में कोचिंग क्लास के दौरान शोर मचाने से रोकने की बात पर एक 8वीं के छात्र से रास्ता रोककर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में छात्र के सिर में चोट आई है। पुलिस ने पीड़ित छात्र की रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहिरगवां निवासी छात्र(15 वर्ष) ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि वह कक्षा 8वीं का छात्र है और 26 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे गांव में राधा वर्मन के घर कोचिंग पढ़ने गया था। वहां इटावा के यादव सर पढ़ा रहे थे। क्लास के दौरान पास में बैठे छात्र द्वारा शोर व शरारत की जा रही थी, जिस पर उसे ऐसा करने से मना किया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी छात्र ने बाहर देख लेने और शिक्षक से शिकायत करने की बात कही।

कोचिंग समाप्त होने के बाद जब वह घर लौट रहा था, तभी सरकारी स्कूल के पीछे रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ में पहने धातु के कड़े से किशन के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। छात्र की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे रौनक वर्मन, शायन वर्मन और हीरामन मंडल ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

घटना के बाद घर पहुंचे छात्र ने अपनी मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद दोनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बृजपुर पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 296(b) और 115(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।

Created On :  

Tags

Next Story