Pune City News: थरमैक्स चौक स्थित एलजी गोदाम में भीषण आग

थरमैक्स चौक स्थित एलजी गोदाम में भीषण आग
  • दमकल की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
  • लाखों का माल खाक

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। चिंचवड़ के थरमैक्स चौक क्षेत्र में सोमवार, 16 मार्च देर रात इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी एलजी के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। रात करीब 11:30 बजे शुरू हुई आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम की ऊपरी मंजिलों से अचानक काले धुएं का गुबार और ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। घटना की सूचना मिलते ही प्राधिकरण और चिखली स्थित दमकल केंद्रों से कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही मोर्चा संभालते हुए चारों ओर से पानी की बौछारें शुरू कीं। गोदाम में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान होने के कारण आग के तेजी से फैलने की आशंका थी, लेकिन दमकल जवानों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। करीब कुछ घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई।

समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से पास की इमारतों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। हालांकि इस हादसे में गोदाम के भीतर रखा काफी माल जलकर नष्ट हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अंदेशा शॉर्ट सर्किट का जताया जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।

Created On :   17 March 2026 3:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story