Pune City News: चाकण में आवारा कुत्तों के हमले से महिला की मौत

चाकण में आवारा कुत्तों के हमले से महिला की मौत
  • पुणे–नाशिक हाईवे के आंबेठाण चौक पर देर रात 10–12 कुत्तों के झुंड ने किया हमला
  • सीसीटीवी में कैद घटना

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे-नासिक राजमार्ग के पास आवारा कुत्तों के एक झुंड ने 32 वर्षीय महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्तों ने महिला को इस कदर नोचा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना का फुटेज सीसीटीवी में भी कैद हुआ है।

मृतक महिला की पहचान शोभा विजय वाघमारे (32) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नांदेड़ जिले के देगलूर की रहने वाली थीं। पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे की है। शोभा आंबेठाण चौक स्थित फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड से गुजर रही थीं, तभी 10 से 12 कुत्तों ने उन्हें घेर लिया।

सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि शोभा ने कुत्तों से बचने के लिए पत्थर उठाकर मुकाबला करने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों की संख्या अधिक होने के कारण उनका प्रतिरोध विफल रहा। कुत्तों ने उनके हाथ, पैर, चेहरे और गर्दन पर बुरी तरह हमला किया। लगभग 15 मिनट तक कुत्ते उन्हें नोचते रहे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण शोभा ने दम तोड़ दिया।

सुबह जब स्थानीय लोगों ने महिला का शव क्षत-विक्षत और निर्वस्त्र अवस्था में देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआत में इसे हत्या या सामूहिक दुष्कर्म का मामला माना जा रहा था। हालांकि, चाकण पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो सच सामने आया कि यह किसी इंसान का नहीं, बल्कि आवारा कुत्तों का क्रूर कृत्य था।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या बेकाबू हो गई है। कुछ लोगों का दावा है कि ये कुत्ते सामान्य नहीं, बल्कि भेड़िए और कुत्तों की संकर प्रजाति जैसे हिंसक लग रहे हैं। पिछले महीने भी मार्केट यार्ड इलाके में एक कुत्ते ने 25-30 लोगों को काटकर घायल कर दिया था।

स्थानीय निवासियों ने नगर निकाय और प्रशासन से मांग की है कि इन हिंसक कुत्तों को तुरंत पकड़ा जाए ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान न जाए।

Created On :   16 March 2026 2:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story