- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- ट्रैक्टर अनुदान के नाम पर...
Pune City News: ट्रैक्टर अनुदान के नाम पर रिश्वतखोरी: कृषि अधिकारी एसीबी के जाल में गिरफ्तार

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (एसीबी) ने ट्रैक्टर अनुदान प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने वाले एक मंडल कृषि अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमोल सुनील सुतार (31) के रूप में हुई है, जो सासवड स्थित पुरंदर पंचायत समिति में मंडल कृषि अधिकारी के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, उसने एक 58 वर्षीय किसान से ट्रैक्टर खरीद के लिए सरकारी अनुदान प्रस्ताव को आगे भेजने के एवज में पहले 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के बाद यह रकम 3,000 रुपये तय हुई।
किसान ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए एसीबी से संपर्क किया और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर एसीबी टीम ने जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी को 3,000 रुपये की रिश्वत मांगते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि किसान ने 6 अगस्त 2024 को महाडीबीटी पोर्टल पर कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत ट्रैक्टर खरीद के लिए आवेदन किया था। इस आवेदन की साइट विजिट कर रिपोर्ट आगे भेजने की जिम्मेदारी आरोपी अधिकारी पर थी, जिसके बदले उसने अवैध धन की मांग की।
इस मामले में सासवड पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
Created On :   21 March 2026 2:22 PM IST












