Pune City News: धार्मिक यात्रा में चोरी, तीन महिला आरोपी गिरफ्तार

धार्मिक यात्रा में चोरी, तीन महिला आरोपी गिरफ्तार
भीड़ का फायदा उठाकर 1.52 लाख के आभूषण और नकदी पर किया हाथ साफ; पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों का पर्दाफाश

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। तलेगांव दाभाडे में आयोजित एक धार्मिक यात्रा के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गहने और नकदी चुरा ली थी, जिसकी कुल कीमत करीब 1 लाख 52 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

इस मामले में योगिता प्रमोद भदाणे (29), निवासी तलेगांव दाभाडे, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गुरुवार, 19 मार्च की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह मंदिर परिसर में दर्शन के लिए गई थीं, तभी अज्ञात महिलाओं ने उनके गले से सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सोनाली उर्फ सुनीता जाधव (32), वनिता जाधव (25) और रेनुका पवार (33), निवासी चंदननगर, पुणे को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उनके द्वारा चोरी किए जाने की बात सामने आने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी महिलाएं भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों और यात्राओं को निशाना बनाती हैं। ऐसे स्थानों पर मौका मिलते ही वे महिलाओं के गहने और नकदी चोरी कर फरार हो जाती थीं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Created On :   21 March 2026 2:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story