Pune City News: सांगोला में प्रश्नपत्रिका चोरी का मामला उजागर, छात्र हिरासत में; कई अधिकारी निलंबित

सांगोला में प्रश्नपत्रिका चोरी का मामला उजागर, छात्र हिरासत में; कई अधिकारी निलंबित
  • सीसीटीवी बंद और सुरक्षा में लापरवाही आई सामने
  • भूगोल परीक्षा से पहले ताला तोड़कर प्रश्नपत्रिकाएं चोरी

भास्कर न्यूज, पुणे। दसवीं बोर्ड परीक्षा से पहले सोलापुर जिले के सांगोला में प्रश्नपत्रिका चोरी का गंभीर मामला सामने आया है। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा से पहले हुई इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक छात्र को हिरासत में लिया है, जबकि लापरवाही बरतने के आरोप में कई अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 मार्च को आयोजित होने वाली भूगोल विषय की परीक्षा से एक दिन पहले सांगोला विद्यामंदिर में सुरक्षित रखी गई प्रश्नपत्रिकाओं के कक्ष का ताला तोड़कर करीब 50 प्रश्नपत्र (दो सेट) चोरी कर लिए गए। घटना की सूचना मिलते ही सोलापुर ग्रामीण पुलिस, स्थानीय अपराध शाखा और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

जांच के दौरान कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं। जिस कक्ष में प्रश्नपत्रिकाएं रखी गई थीं, वहां का सीसीटीवी कैमरा बंद पाया गया। साथ ही घटना के समय बिजली भी गुल थी। सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मी और दो होमगार्ड ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले, जिसके चलते उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल के पुणे विभाग के अध्यक्ष औदुंबर उकिरडे ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रिका चोरी करने वाला छात्र किसी अन्य स्वयं-अर्थसहाय्यित स्कूल का है। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इससे पहले भी चोरी का प्रयास किया गया था। घटना के बावजूद 18 मार्च को भूगोल विषय की परीक्षा तय समय पर संपन्न कराई गई।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   20 March 2026 2:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story