Pune City News: पुणे के लिए 25 टीएमसी पानी कोटा मंजूर करने की मांग

पुणे के लिए 25 टीएमसी पानी कोटा मंजूर करने की मांग
  • महापौर मंजुषा नागपुरे ने जलसंपदा मंत्री से की मुलाकात
  • बांधों से गाद हटाने और जल भंडारण बढ़ाने पर जोर

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की पानी की जरूरतों को देखते हुए पुणे के लिए 25 टीएमसी पानी का कोटा मंजूर करने की मांग की गई है। महापौर मंजुषा नागपुरे ने राज्य के जलसंपदा मंत्री डॉ. राधाकृष्ण विखे पाटील से मुलाकात कर यह मांग रखी। बैठक में पुणे शहर के दीर्घकालीन विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें पानी की उपलब्धता, यातायात समस्या, नदी संरक्षण और बांधों की जल भंडारण क्षमता बढ़ाने जैसे विषय शामिल रहे।

महापौर ने मांग की कि खडकवासला, पानशेत, वरसगांव और टेमघर बांधों में जमा गाद निकालने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इससे बांधों की पानी संग्रह करने की क्षमता फिर से बढ़ाई जा सकेगी। इस काम के लिए एक उच्चस्तरीय संयुक्त समिति बनाने की भी मांग की गई।महापौर ने मुला-मुठा नदी के संरक्षण के लिए राज्य स्तर पर मुला-मुठा नदी पुनरुज्जीवन मिशन शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नदी से गाद हटाने, प्रदूषण नियंत्रण और बाढ़ प्रबंधन के लिए एकीकृत योजना बनाना जरूरी है। धायरी में यातायात समस्या पर भी चर्चा

बैठक में धायरी क्षेत्र की बढ़ती यातायात समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। महापौर ने वहां दो नए पुलों के निर्माण के लिए जलसंपदा विभाग से जल्द से जल्द अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) देने की मांग की। इससे नागरिकों को सुरक्षित और आसान यातायात सुविधा मिल सकेगी।

महापौर मंजुषा नागपुरे ने कहा कि पुणे के नागरिकों को स्थायी जल आपूर्ति, जाम मुक्त सड़कें, सुरक्षित जल स्रोत और स्वच्छ मुला-मुठा नदी उपलब्ध कराना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे का लगातार पीछा कर जल्द निर्णय कराने का प्रयास किया जाएगा।

Created On :   3 Aug 2026 7:27 PM IST

Tags

Next Story