Pune City News: गणेशोत्सव से पहले डीजे की आवाज पर पुलिस की नजर

गणेशोत्सव से पहले डीजे की आवाज पर पुलिस की नजर
  • पुलिस आयुक्तालय में डीजे की टेस्टिंग
  • डेसिबल स्तर की जांच के बाद लिया जाएगा फैसला

भास्कर न्यूज, पुणे। गणेशोत्सव को देखते हुए पुणे पुलिस ने डीजे और साउंड सिस्टम की आवाज को लेकर अभी से तैयारी शुरू कर दी है। तेज आवाज के कारण नागरिकों को होने वाली परेशानी की शिकायतों के बीच पुलिस आयुक्तालय परिसर में डीजे साउंड की टेस्टिंग की गई। पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार की मौजूदगी में हुई इस जांच में अलग-अलग आवाज के स्तर पर कितने डेसिबल की आवाज दर्ज होती है, इसकी जानकारी ली गई।

गणेशोत्सव के दौरान डीजे और साउंड सिस्टम की तेज आवाज को लेकर हर साल नागरिकों की ओर से शिकायतें आती हैं। इस साल भी ऐसी शिकायतें मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने साउंड सिस्टम को लेकर गंभीरता दिखाई है। पुलिस आयुक्तालय परिसर में डीजे लगाकर अलग-अलग स्तर पर आवाज की जांच की गई। इस दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

टेस्टिंग के दौरान साउंड व्यवसायियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले प्रेशर मिड उपकरण के बारे में भी जानकारी ली गई। पुलिस इस उपकरण के इस्तेमाल को लेकर जल्द ही सख्त रुख अपना सकती है। टेस्टिंग के दौरान पुणे साउंड एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। साउंड व्यवसायियों ने कानून के दायरे में रहकर गणेशोत्सव मनाने की भूमिका रखी।

पुलिस ने अलग-अलग आवाज के स्तर पर डेसिबल की स्थिति का जायजा लिया है। टेस्टिंग के निष्कर्ष के आधार पर गणेशोत्सव के दौरान डीजे और साउंड सिस्टम को लेकर आगे का फैसला लिया जाएगा।

Created On :   20 Aug 2026 6:29 PM IST

Tags

Next Story