Rewa News: संभाग स्तरीय शालेय खेलकूद फुटबॉल प्रतियोगिता

डिजिटल डेस्क,रीवा। संभाग स्तरीय शालेय खेलकूद फुटबॉल प्रतियोगिता में तीसरे दिन अंडर-19 बालक वर्ग के आठ मुकाबले ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय के मैदान में खेले गए। विभिन्न टीमों के बीच हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। दिन के मैचों में भोपाल, सागर और उज्जैन की टीमों ने जीत हासिल की। वहीं रीवा और जनजातीय कार्य विभाग के बीच खेला गया मुकाबला गोल रहित बराबरी पर समाप्त हुआ।
तीसरे दिन के मुकाबलों में भोपाल की टीम ने सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए ग्वालियर को 5-0 से हराया। वहीं रीवा की टीम को शहडोल के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। इन खेलों का आयोजन कलेक्टर चंदन सिंह के निर्देशन में हो रहा है जिसमें सरकांत बहादुर सिंह, राजेश पटेल, संदीप शर्मा, राजेश शर्मा एवं राजेश राठौर भूमिका निभा रहे हैं।
मार्तंड स्कूल के मैदान में संभागीय स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत तीसरे दिन 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। इसमें रीवा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सतना को 6-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं भोपाल ने उज्जैन को 6-0 से हराया।
परिणाम इस प्रकार रहे
प्रतियोगिता में खेले गए मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे। जनजातीय कार्य विभाग ने सतना को 3-0 से हराया। जबलपुर और नर्मदापुरम के बीच हुए मुकाबले में नर्मदापुरम ने 4-0 से जीत दर्ज की। शहडोल को रीवा ने 3-1 से पराजित किया। भोपाल ने उज्जैन को 6-0 से हराया। जनजातीय कार्य विभाग ने ग्वालियर को 2-0 से शिकस्त दी। इंदौर और जबलपुर के बीच हुए मुकाबले में जबलपुर ने 5-0 से जीत हासिल की। वहीं उज्जैन को नर्मदापुरम ने 3-0 से हराया।
Created On :  
