रीवा न्यूज: ड्यूटी से घर लौट रहे पोस्टमास्टर गजेंद्र सिंह की दर्दनाक मौत,

डिजिटल डेस्क रीवा। जिले के मनगवां-रघुराजगढ़ मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बेलवा पैकान में पोस्टमास्टर के पद पर पदस्थ गजेंद्र सिंह की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। वह रोजाना की तरह बेलवा पैकान में अपनी ड्यूटी पूरी कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी पलिया 352 स्थित हनुमान मंदिर से करीब 200 मीटर पहले एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्ष रूप से सामने आए घटनाक्रम के अनुसार फोरविलर वाहन रॉन्ग साइड से आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि गजेंद्र सिंह को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक गजेंद्र सिंह पलिया 352 निवासी थे। वह पूर्व सरपंच अनुज प्रताप सिंह के पौत्र बताए गए हैं। एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए प्रतिदिन अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले गजेंद्र सिंह की इस तरह असमय मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही मनिकवार पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र द्विवेदी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने सबसे पहले मृतक की पहचान सुनिश्चित करने और परिजनों तक सूचना पहुंचाने की कार्रवाई की। घटनास्थल पर धीरे-धीरे ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मनगवां भिजवाया। हादसे को अंजाम देने के बाद चारपहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वाहन चालक की तलाश जारी है।
सड़क के किनारे पटरी पर घास-फूस, झाड़ियां और पेड़-पौधों की अनियंत्रित वृद्धि के कारण दृश्यता प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित सड़क निर्माण एवं रखरखाव विभाग को तत्काल संज्ञान लेने की जरूरत है।
Created On :  
